महिला T20 विश्व कप 2026 अब अपने रोमांच पर है. टीमें अब टूर्नामेंट में अपने अभियान को जिंदा रखने के लिए जंग लड़ रही है. भारतीय टीम भी इसी कड़ी में अपने अभियान को जिंदा रखने के लिए 25 जून को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में बांग्लादेश के खिलाफ उतरेगी.
भारतीय महिला टीम तीन मैचों में दो जीत दर्ज कर अंक तालिका में फिलहाल दूसरे स्थान पर है. इस महत्वपूर्ण मुकाबले में जीत से सेमीफाइनल में पहुंचने की उनकी संभावनाएं काफी मजबूत होंगी, साथ ही इससे उनका नेट रन रेट भी सुधरेगा और वे संभवतः शीर्ष दो में जगह पक्की कर लेंगी.
वहीं दूसरी ओर, बांग्लादेश महिला टीम तीन मैचों में दो जीत के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर है. सेमीफाइनल में पहुंचने की होड़ तेज होने के साथ, वे भारत से अंतर कम करने और मजबूत प्रदर्शन के साथ अपनी क्वालीफाई करने की उम्मीदों को मजबूत करने के लिए उत्सुक होंगी.
पिच रिपोर्ट
मैनचेस्टर के एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड की पिच आमतौर पर बल्ले और गेंद के बीच संतुलित मुकाबला पेश करती है. यहां पर शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को गति और उछाल से मदद मिलती है, खासकर जब बादल छाए हों और गेंद स्विंग हो रही हो. जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच स्थिर हो जाती है, जिससे शॉट खेलना आसान हो जाता है और बल्लेबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनती हैं. बाद के ओवरों में, स्पिनरों का दबदबा बढ़ जाता है क्योंकि पिच पर ग्रिप और टर्न मिलने लगते हैं. अपनी सटीक उछाल और लगातार गति के कारण, इस मैदान पर सीमित ओवरों के क्रिकेट में कई हाई-स्कोरिंग मैच खेले गए हैं.
अब अगर मौसम की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार मैनचेस्टर में काफी गर्मी रहने वाली है. मैच के दिन यहां और भी गर्मी रहने की उम्मीद है. हालांकि दोनों टीमों में से ये किसी भी टीम के लिए नई बात नहीं होगी क्योंकि दोनों ही टीम यहां पर पहले भी खेल चुकी हैं. बता दें भारतीय टीम इस पिच पर इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेल चुकी है.
भारत की संभावित प्लेइंग XI: स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, श्री चरणी, नंदनी शर्मा
बांग्लादेश की संभावित प्लेइंग XI: जुएरिया फिरदौस, दिलारा अख्तर, शर्मिन अख्तर, निगार सुल्ताना (कप्तान) (विकेटकीपर), शोभना मोस्तरी, शोर्ना अख्तर, रितु मोनी, नाहिदा अख्तर, राबेया खान, शंजीदा अख्तर मेघला, मारुफा अख्तर