Women Asia Cup 2026: सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी भारत-बांग्लादेश की टीमें, जानें कब और कहां होगा मैच
Women’s Asia Cup 2026 में भारत का सामना सेमीफाइनल में बांग्लादेश से होगा. UAE को हराकर बांग्लादेश ने नॉकआउट में जगह बनाई. दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका आमने सामने होंगे.
वुमेंस एशिया कप 2026 में अब सेमीफाइनल की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है. टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में अपने सभी मुकाबले जीतकर पहले ही नॉकआउट में जगह बना ली थी. अब भारतीय टीम का सामना सेमीफाइनल में बांग्लादेश के साथ होने वाला है. दोनों देश सेमीफाइनल में एक-दूसरे को चुनौती देगी.
8 सितंबर को बांग्लादेश ने UAE को 34 रन से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया. वहीं दूसरे नॉकआउट मुकाबले में पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने होंगी.
10 सितंबर को भारत से टक्कर
बता दें ग्रुप B में बांग्लादेश और UAE के पास 2-2 अंक थे, जिस कारण बांग्लादेश का UAE के साथ आखिरी मैच निर्णायक हो गया. जीत के साथ बांग्लादेश ने भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में जगह बना ली. दोनों टीमों के बीच मुकाबला 10 सितंबर को दुबई में होगा. मैच रात 8 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7:30 बजे होगा. मुकाबला सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और SonyLIV पर देखा जा सकेगा.
Also Read
UAE को हराकर बांग्लादेश ने मारी बाजी
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 103 रन बनाए. इसके जवाब में उतरी UAE की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई. पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 69 रन ही बना सकी. कोई भी बल्लेबाज 20 रन से ज्यादा नहीं बना पाई. बांग्लादेश के लिए राबिया खान ने 3 विकेट लिए, जबकि नाहिदा अख्तर और मरूफा अख्तर को 2-2 सफलता मिली.
पाकिस्तान और श्रीलंका भी भिड़ेंगे
दूसरे सेमीफाइनल में ग्रुप B की शीर्ष टीम श्रीलंका का सामना ग्रुप A की दूसरे स्थान वाली पाकिस्तान टीम से होगा. यह मुकाबला 11 सितंबर 2026 को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इस तरह टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों में एशिया की मजबूत टीमें आमने सामने होंगी. फाइनल में पहुंचने के लिए भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा.