IPL 2026 US Israel Iran War

IND W vs ENG W: भारत के लिए 'करो या मरो' जैसा मुकाबला! इंग्लैंड के खिलाफ किस प्लेइंग 11 के साथ उतरेगी टीम इंडिया?

Women's World Cup 2025, IND W vs ENG W: महिला वर्ल्ड कप 2025 में आज भारत और इंग्लैंड की टीम एक-दूसरे का सामना करने वाली हैं. टीम इंडिया के लिए यह करो या मरो जैसा मुकाबला है और ऐसे में भारत किस प्लेइंग 11 के साथ इस मुकाबले में उतरने वाला है.

X
Praveen Kumar Mishra

Women's World Cup 2025, IND W vs ENG W: आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 के 20वें मुकाबले में आज होल्कर स्टेडियम में भारतीय महिला टीम का सामना इंग्लैंड की मजबूत टीम से होगा. लगातार दो हार (दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ) के बाद भारतीय टीम के लिए यह मैच बेहद अहम है. अगर भारत को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहना है, तो इस 'करो या मरो' जैसे मुकाबले में जीत जरूरी है. दूसरी ओर इंग्लैंड की टीम अंक तालिका में अच्छी स्थिति में है.

भारतीय टीम ने पिछले दो मैचों में पांच गेंदबाजों की रणनीति अपनाई थी, जो कारगर साबित नहीं हुई. अब उम्मीद है कि टीम प्रबंधन छठे गेंदबाजी विकल्प के साथ उतरेगा. तेज गेंदबाज रेणुका सिंह की वापसी हो सकती है, जो युवा क्रांति गौड़ पर दबाव कम करने में मदद करेगी. रेणुका की स्विंग गेंदबाजी इंग्लैंड की बल्लेबाजों को शुरुआती झटके दे सकती है. 

सलामी जोड़ी पर टिकी उम्मीदें

भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार अर्धशतक जड़े थे. हालांकि, दोनों को अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलना होगा. होल्कर स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जा रही है. ऐसे में स्मृति और प्रतिका के पास बड़ा स्कोर बनाने का शानदार मौका है. .

इंग्लैंड की ताकत और कमजोरी

इंग्लैंड की टीम इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है लेकिन उनकी बल्लेबाजी में कमजोरियां दिखी हैं. बांग्लादेश और पाकिस्तान के खिलाफ उनके मध्यक्रम ने निराश किया. हालांकि, सोफी एक्लेस्टोन की अगुआई में उनकी गेंदबाजी शानदार रही है. सोफी हाल ही में बीमारी से उबरी हैं लेकिन उनकी फिरकी भारत के लिए खतरा बन सकती है. 

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11

भारत महिला: प्रतिका रावल, स्मृति मंधाना, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, स्नेह राणा, क्रांति गौड़, श्री चरणी.

इंग्लैंड महिला: टैमी ब्यूमॉन्ट, एमी जोन्स (विकेटकीपर), हीथर नाइट, नट साइवर-ब्रंट (कप्तान), सोफिया डंकले, एमा लैम्ब, ऐलिस कैप्सी, चार्लोट डीन, सारा ग्लेन, एम अर्लोट, लिंसे स्मिथ.

हेड टू हेड रिकॉर्ड

दोनों टीमें अब तक 79 वनडे मैचों में आमने-सामने हुई हैं. इंग्लैंड ने 41 मैच जीते, जबकि भारत ने 36 में जीत हासिल की. 2 मैच बेनतीजा या टाई रहे. यह आंकड़ा बताता है कि दोनों टीमें एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देती हैं और आज का मुकाबला भी रोमांचक होने की उम्मीद है.