अब इस पर बात... विराट कोहली के 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने को लेकर बड़ा खुलासा, बचपन के कोच ने दिया जवाब
विराट कोहली के 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उनके बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने बड़ा बयान दिया है.
World Cup 2027 : विराट कोहली ने हाल के वनडे मैचों में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर अपनी जगह मजबूत की है. इसके बावजूद 2027 वर्ल्ड कप को लेकर चर्चा जारी है. अब उनके बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने कोहली के साथ रोहित शर्मा को लेकर भी अपनी राय रखी है.
कोहली के वर्ल्ड कप खेलने पर सवाल नहीं होना चाहिए
राजकुमार शर्मा ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा कि विराट कोहली की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उनके 2027 वर्ल्ड कप खेलने पर सवाल उठाना सही नहीं है. कोहली ने हाल के मैचों में शानदार बल्लेबाजी की है और लगातार रन बनाए हैं. चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से वह वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. इस दौरान कोहली ने 12 मैचों में 76 की औसत से 760 रन बनाए हैं. उनके नाम तीन शतक और पांच अर्धशतक भी दर्ज हैं.
रोहित शर्मा भी हैं बड़े दावेदार
राजकुमार शर्मा ने सिर्फ विराट कोहली की तारीफ नहीं की, उन्होंने रोहित शर्मा को भी 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए मजबूत दावेदार बताया. उन्होंने रोहित को मैच जिताने वाला खिलाड़ी बताया और कहा कि एक क्रिकेटर के तौर पर उनकी क्षमता पर कोई सवाल नहीं है. रोहित अपने अच्छे दिन पर अकेले मैच का रुख बदल सकते हैं. ऐसे में राजकुमार शर्मा की राय साफ है कि दोनों अनुभवी खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन और टीम को मिलने वाले योगदान के आधार पर देखा जाना चाहिए.
Also Read
गंभीर के प्लान पर बनी हुई है चर्चा
गौतम गंभीर के टीम इंडिया के कोच बनने के बाद से विराट और रोहित के भविष्य को लेकर लगातार चर्चा होती रही है. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि गंभीर 2027 वर्ल्ड कप की योजना में दोनों खिलाड़ियों को नहीं देखते. हालांकि, कोहली के बचपन के कोच की बात इससे अलग है. उनका मानना है कि मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए कोहली की दावेदारी मजबूत है. वहीं रोहित को भी मैच विनर बताते हुए उन्होंने साफ संकेत दिया कि दोनों अनुभवी खिलाड़ियों को नजरअंदाज करना जल्दबाजी होगी.