इतने बड़े क्रिकेटर होकर भी घमंड नहीं... लंदन में विराट कोहली से मिलकर गदगद हुए महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे
विराट कोहली ने लंदन में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे से मुलाकात की. दोनों ने राज्य के विकास, सरकारी योजनाओं और युवाओं की प्रतिभा पर बात की.
Eknath Shinde Meets Virat Kohli : टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इन दिनों लंदन में रहते हैं. इसी दौरान उनकी महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात हुई. बातचीत में क्रिकेट के अलावा महाराष्ट्र के विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, सरकारी योजनाओं और युवाओं को आगे बढ़ाने जैसे मुद्दे शामिल रहे. शिंदे ने इस मुलाकात को बेहद खास बताया.
जमीन से जुड़े हैं विराट कोहली : एकनाथ शिंदे
एकनाथ शिंदे ने विराट कोहली के व्यवहार की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि इतने बड़े क्रिकेटर होने के बावजूद विराट में किसी तरह का दिखावा नहीं है और वह जमीन से जुड़े हुए हैं. शिंदे के मुताबिक, विराट को पता चला कि वह लंदन में मौजूद हैं तो वह उनसे सद्भावना मुलाकात के लिए आए. दोनों पहले भी मिल चुके हैं लेकिन इस बार आमने-सामने हुई बातचीत से शिंदे काफी खुश नजर आए. मुलाकात में महाराष्ट्र में चल रहे विकास कार्यों और आने वाली योजनाओं पर भी चर्चा हुई.
महाराष्ट्र के विकास की विराट ने की तारीफ
बातचीत के दौरान शिंदे ने महाराष्ट्र की कई बड़ी परियोजनाओं और योजनाओं की जानकारी विराट को दी. इसमें प्रस्तावित ‘थर्ड मुंबई’, अटल सेतु, समृद्धि महामार्ग, कोस्टल रोड और मेट्रो प्रोजेक्ट शामिल रहे. स्कूल और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी चर्चा हुई. शिंदे ने बताया कि इन योजनाओं के बारे में जानने के बाद विराट ने महाराष्ट्र में हाल के वर्षों में हुए बदलाव की तारीफ की. दोनों ने ‘लाडली बहना’ और ‘सरकार आपके द्वार’ जैसी योजनाओं पर भी बात की. राज्य में स्टार्टअप, इंफ्रास्ट्रक्चर और एफडीआई जैसे क्षेत्रों पर भी चर्चा हुई.
Also Read