IPL 2026

'किंग' कोहली का विराट रूप, IPL में रचा नया इतिहास! 500 प्लस रन बनाकर रिकॉर्ड बुक को किया तहस-नहस

विराट कोहली ने पंजाब किंग्स के खिलाफ शानदार अर्धशतक लगाकर IPL 2026 में नया इतिहास रच दिया है.

X
Ashutosh Rai

IPL 2026 में विराट कोहली का बल्ला लगातार आग उगल रहा है. रविवार को धर्मशाला में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज ने एक और यादगार पारी खेली. कोहली ने सिर्फ 37 गेंदों में 58 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. उनकी इस पारी में चार चौके और तीन लंबे छक्के शामिल रहे. इस अर्धशतक के साथ उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए.

500 रन पूरे कर बनाया नया रिकॉर्ड

पंजाब किंग्स के खिलाफ खेली गई इस पारी के दौरान विराट कोहली ने IPL 2026 में अपने 500 रन भी पूरे कर लिए. खास बात यह रही कि यह नौवीं बार है जब कोहली ने IPL के किसी एक सीजन में 500 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं. इस मामले में उन्होंने बाकी सभी बल्लेबाजों को काफी पीछे छोड़ दिया है. डेविड वॉर्नर और केएल राहुल सात-सात बार ऐसा कर चुके हैं. वहीं शिखर धवन पांच बार इस आंकड़े तक पहुंचे थे.

पंजाब के खिलाफ विराट का दबदबा कायम

विराट कोहली IPL इतिहास में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन चुके हैं. पंजाब किंग्स के खिलाफ उनके कुल रन अब 1215 हो गए हैं. उन्होंने अपना ही पुराना रिकॉर्ड और मजबूत कर लिया. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी उनके नाम 1174 रन दर्ज हैं. इस लिस्ट में रोहित शर्मा, डेविड वॉर्नर और दूसरे बड़े बल्लेबाज भी शामिल हैं लेकिन कोहली सबसे ऊपर बने हुए हैं.

पडिक्कल के साथ बनी रिकॉर्ड साझेदारी

इस मुकाबले में विराट कोहली ने देवदत्त पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए 76 रनों की अहम साझेदारी भी की. मौजूदा सीजन में दोनों बल्लेबाजों ने सातवीं बार 50 से ज्यादा रन की पार्टनरशिप की है. IPL इतिहास में किसी गैर-ओपनिंग जोड़ी के लिए यह नया रिकॉर्ड बन गया है.

इससे पहले 2016 में विराट और एबी डिविलियर्स की जोड़ी ने ऐसा कारनामा किया था. पडिक्कल और कोहली की समझदारी भरी बल्लेबाजी ने RCB की पारी को मजबूती दी और टीम को बड़े स्कोर की तरफ बढ़ाया. दोनों खिलाड़ियों के बीच रनिंग बिटवीन द विकेट भी शानदार देखने को मिली.