लगातार 2 डक के बाद चेजमास्टर के बल्ले से आया शतक, 10वां T20 सेंचुरी जड़कर रचा इतिहास; रिकॉर्ड्स की बौछार
चेज मास्टर विराट कोहली ने बुधवार को केकेआर के खिलाफ नाबाद 105 रन बनाकर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए. लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद कोहली ने इस पारी में कई रिकॉर्ड तोड़े.
नई दिल्ली: IPL 2026 अब धीरे-धीरे निर्णायक मोड़ पर पहुंच रहा है. हर टीम अब प्लेऑफ में पहुंचने के लिए जंग लड़ रही है. लेकिन इस रेस में सबसे आगे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु चल रही है, जिसने बीती शाम कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराकर प्लेऑफ की ओर एक और कदम बढ़ाया है.
आरसीबी की इस जीत के पीछे टीम के हीरो विराट कोहली का बहुत बड़ा योगदान है. चेज मास्टर ने बुधवार को रायपुर के मैदान पर केकेआर के खिलाफ नाबाद 105 रन बनाकर एक बार फिर साबित कर दिया कि कोहली का बल्ला ज्यादा दिनों तक शांत नहीं रह सकता है. कोहली ने LSG और MI के खिलाफ लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद यह पारी खेली. KKR के खिलाफ इस मैच में विराट कोहली ने कई सारे रिकॉर्ड तोड़े हैं.
बतौर भारतीय T20 में सबसे ज्यादा शतक...
विराट कोहली ने बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 105 रनों की नाबाद पारी खेली. किंग कोहली द्वारा बनाया गया यह टी20 क्रिकेट में उनका 10वां शतक है. इस शतक के साथ ही कोहली क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में बतौर भारतीय सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
वह इस प्रारूप में 10 या उससे ज्यादा शतक बनाने वाले चौथे बल्लेबाज हैं, उनसे पहले क्रिस गेल (22), बाबर आजम (13) और डेविड वार्नर (10) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.
चेजमास्टर ने तोड़े कई रिकॉर्ड
- IPL में कोहली के नाम अब सबसे ज्यादा शतक (9) हैं. जोस बटलर सात शतकों के साथ इस सूची में दूसरे पायदान पर हैं.
- कोहली टी20 में 14,000 रन बनाने वाले सबसे तेज बल्लेबाज बन गए हैं, उन्होंने यह उपलब्धि 409 पारियों में हासिल की. विराट ये मुकाम हासिल करने वाले पहले भारतीय बने.
- कोहली ने रोहित शर्मा और एमएस धोनी (दोनों 278) को पीछे छोड़ते हुए लीग में सबसे अधिक 279 मैच खेलने वाले खिलाड़ी का खिताब हासिल कर लिया.
- कोहली का 105 रन रायपुर में टी20 में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर है. इससे पहले यह रिकॉर्ड केन विलियमसन (101) के नाम था.
- कोहली IPL में लगातार दो बार शून्य पर आउट होने के बाद शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज और टी20 क्रिकेट में कुल मिलाकर पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं.