IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी ने बिना फाइनल खेले रच दिया इतिहास, बने ऑरेंज कैप जीतने वाले यंगेस्ट प्लेयर

राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में 16 पारियों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती. वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने और सीजन में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए.

X/@ImTanujSingh
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में ऑरेंज कैप अपने नाम कर लिया है. उन्होंने सीजन में खेले गए 16 मैचों की पारियों में 776 रन जुटाए और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237.31 का शानदार रहा.

महज 15 साल 65 दिन की उम्र में वैभव ने इतिहास रचते हुए ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया. पूरे टूर्नामेंट में उनका बल्ला जमकर बोला, जिसमें एक विस्फोटक शतक और पांच अर्धशतक शामिल रहे.

ऑरेंज कैप की दौड़ में गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल और दूसरे स्थान पर रहे. गिल ने 16 पारियों में 732 रन बनाए, जबकि उनके साथी बल्लेबाज साई सुदर्शन 724 रन के साथ तीसरे नंबर पर रहे. 

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी की. वैभव सबसे तेज IPL शतक के रिकॉर्ड के करीब पहुंच गए थे, लेकिन 29 गेंदों में 97 रन बनाकर आउट हो गए और यह उपलब्धि हासिल करने से चूक गए.

इस सीजन में उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की. वैभव ने IPL करियर की सिर्फ 23वीं पारी में 1000 रन पूरे कर लिए, जिससे वह इस मुकाम तक सबसे तेज पहुंचने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए.