क्या मैनचेस्टर T20I में खत्म होगा वैभव सूर्यवंशी का इंतजार? इस कॉम्बिनेशन के साथ बन सकती है बेबी बॉस की प्लेइंग इलेवन में जगह
वैभव सूर्यवंशी अभी भी टीम इंडिया में अपने डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं. अब 4 जुलाई को मैनचेस्टर में होने वाले दूसरे टी20 से पहले सबसे बड़ी चर्चा यही है कि क्या टीम मैनेजमेंट सूर्यवंशी को इंग्लैंड की धरती पर डेब्यू का मौका देंगे या नहीं.
IPL 2026 में सबको अपनी बल्लेबाजी का मुरीद बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी अभी भी टीम इंडिया में अपने डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं. फिलहाल भारतीय टीम पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड के दौरे पर है. इस दौरे पर भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी लगातार चर्चा में बने हुए हैं, लेकिन अब तक उन्हें मैदान पर उतरने का अवसर नहीं मिला है.
आयरलैंड के खिलाफ दोनों टी20 मुकाबलों में वह बेंच पर बैठे रहे, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ पहला मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका. अब 4 जुलाई को मैनचेस्टर में होने वाले दूसरे टी20 से पहले सबसे बड़ी चर्चा यही है कि क्या टीम मैनेजमेंट सूर्यवंशी को इंग्लैंड की धरती पर डेब्यू का मौका देंगे या नहीं. हालांकि अगर कोच गौतम गंभीर प्लेइंग कॉम्बिनेशन में कोई बदलाव करते हैं तो वैभव का डेब्यू करना लगभग तय माना जा रहा है.
दूसरे T20I पर टिकी निगाहें
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारत और इंग्लैंड को 4 जुलाई को दूसरे टी20 मुकाबले के लिए मैनचेस्टर में भिड़ना है. उस मैच की प्लेइंग इलेवन को लेकर अभी से ही चर्चा तेज हो गई है.
Also Read
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि टीम संयोजन में बदलाव किया गया तो वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम की अंतिम एकादश में जगह मिल सकती है. उनके डेब्यू को लेकर प्रशंसकों में भी उत्साह बना हुआ है. जिस कारण सबकी निगाहें इस मैच पर टिकी हैं.
ओपनिंग में नया प्रयोग संभव
अगर कोच और टीम मैनेजमेंट टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव का फैसला करते हैं तो वह ओपनिंग जोड़ी में बदलाव करना पसंद करना चाहेंगे, क्योंकि अभिषेक शर्मा आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और वैभव सूर्यवंशी भी तेज शुरुआत करने की क्षमता रखते हैं.
वैभव को पावरप्ले का फायदा उठाना बहुत ही अच्छे से आता है. बांए के दोनों खिलाडी इंग्लिश गेंदबाजों को मजा चखाने का दम रखते हैं. ऐसी स्थिति में संजू सैमसन को मध्यक्रम में नई भूमिका मिल सकती है. इसके अलावा ईशान किशन चौथे या पांचवें नंबर बल्लेबाजी करते दिख सकते हैं.
स्पिन गेंदबाजी पर देंगे जोर
इन सबके बीच मैनेजमेंट उपकप्तान तिलक वर्मा की भूमिका पर भी विचार कर सकती है. उम्मीद जताई जा रही है कि उन्हें आराम देकर उनकी जगह अतिरिक्त स्पिन गेंदबाज को टीम में शामिल कर सकते हैं. परिस्थितियों के अनुसार वरुण चक्रवर्ती या वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिल सकता है.
मैनचेस्टर में भारत की संभावित प्लेइंग XI
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, तिलक वर्मा (उपकप्तान)/ वरुण चक्रवर्ती / वॉशिंगटन सुंदर