IND U19 vs ENG U19: वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल में रचा इतिहास, बने U19 वर्ल्ड कप की हिस्ट्री के नए 'सिक्सर किंग'
IND U19 vs ENG U19 Final में वैभव सूर्यवंशी ने 8 छक्के लगाकर अंडर 19 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. 14 साल के इस बल्लेबाज ने इतिहास रचा है.
नई दिल्ली: अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा है. इस बड़े मंच पर भारत के 14 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है. फाइनल मैच में वैभव ने 8 छक्के जड़ते ही अंडर 19 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
अब तक यह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस के नाम था, जिन्होंने 2022 के अंडर 19 वर्ल्ड कप में 18 छक्के लगाए थे. वहीं न्यूजीलैंड के फिन एलन ने 2016 और 2018 के दो संस्करणों में कुल 18 छक्के लगाए थे. वैभव सूर्यवंशी ने 2026 संस्करण में अब तक 22 छक्के लगाकर इन सभी रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया है.
अंडर 19 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्के
अंडर 19 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची अब पूरी तरह बदल गई है. सबसे ऊपर वैभव सूर्यवंशी हैं, जिन्होंने 2026 में अब तक 20 से ज्यादा छक्के लगाए हैं. इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस और फिन एलन 18 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. जैक बर्नहम 2016 में 15 छक्कों के साथ और माइकल हिल तथा निकोलस पूरन 14 छक्कों के साथ इस सूची में शामिल हैं.
इंग्लैंड के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड पहले से ही शानदार रहा है. उन्होंने इंग्लैंड अंडर 19 टीम के खिलाफ 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेले हैं. इन मुकाबलों में वैभव ने कुल 445 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 32 छक्के निकले हैं, जो इंग्लिश गेंदबाजों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं हैं.
वनडे क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन
इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए वनडे मुकाबलों में वैभव सूर्यवंशी ने 355 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक भी लगाया है. वनडे मैचों में 29 छक्के जड़कर उन्होंने पहले ही यह संकेत दे दिया था कि फाइनल मुकाबले में वह बड़ा धमाका कर सकते हैं.
फाइनल जैसे दबाव भरे मुकाबले में 8 छक्के लगाना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होता. वैभव ने जिस आत्मविश्वास के साथ बड़े शॉट खेले, उससे भारतीय टीम को मजबूत शुरुआत मिली. उनके आक्रामक अंदाज ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर ला दिया.
और पढ़ें
- India vs England Live Score U19 World Cup 2026 Final: वैभव सूर्यवंशी का हरारे में तूफान, इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर कुटाई
- ऑस्ट्रेलिया को लगा बड़ा झटका! टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुए जोश हेजलवुड, टीम की मुश्किलें बढ़ीं
- U19 World Cup Final: खिताब पर कब्जे को तैयार ‘यंग’ टीम इंडिया, इंग्लैंड पर चलेगा बल्ले का तूफान, वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद