Budget 2026

अमेरिका की क्रिकेट टीम ने रच दिया इतिहास, तोड़ डाला टीम इंडिया का 40 साल पुराना रिकॉर्ड

अमेरिका ने पुरुष वनडे क्रिकेट में एक नया इतिहास रचते हुए न्यूनतम स्कोर को बचाकर जीतने का रिकॉर्ड तोड़ दिया. इससे पहले, 1985 में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 125 रन बनाकर एक रिकॉर्ड स्थापित किया था.

Social Media
Gyanendra Tiwari

अमेरिका की क्रिकेट टीम ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है. US ने 122 रन के सबसे छोटे टोटल का सफलतापूर्वक बचाव करके इतिहास रच दिया. और भारत के 40 साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया. अमेरिका ने ओमान को 57 रनों से हराया. यह मैच 2027 क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफिकेशन ट्राई-सीरीज का हिस्सा था और इसमें अमेरिका ने एक पुराना रिकॉर्ड तोड़ा जो पहले टीम इंडिया के नाम था.

भारत का 40 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

40 साल पहले 1985 में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ शारजाह क्रिकेट ग्राउंड पर 124 रन के छोटे टोटल का सफलतापूर्वक बचाव किया था. यह रिकॉर्ड भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक महत्वपूर्ण पल था. भारत ने पाकिस्तान को 38 रनों से हराया था. अब, अमेरिका ने यह रिकॉर्ड तोड़ते हुए 122 रन के टोटल से ओमान को हराया. यह इतिहास में सबसे कम स्कोर का बचाव करने का नया रिकॉर्ड बन गया है. 

कम स्कोर का मैच, रिकॉर्ड बना

यह मैच बेहद ही दिलचस्प रहा, क्योंकि दोनों टीमों ने मिलाकर सिर्फ 187 रन बनाए, जो कि किसी भी पुरुष वनडे में दोनों टीमों द्वारा बनाए गए रन का दूसरा सबसे कम स्कोर था. इससे पहले 2014 में भारत और बांगलादेश के बीच 41 ओवर के मुकाबले में दोनों टीमों ने सिर्फ 163 रन बनाए थे.

अमेरिका की गेंदबाजी का कमाल

अमेरिकी टीम की स्पिन गेंदबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह से बदल दिया. नॉस्थुष केन्जीगे ने 7.3 ओवर में 5 विकेट लेकर ओमान को महज 65 रन पर समेट दिया. केन्जीगे की घातक गेंदबाजी ने ओमान को पूरी तरह से चकमा दे दिया. उनके साथ ही मिलिंद कुमार (2/17), हरमीत सिंह (1/25), और यासिर मोहम्मद (2/10) ने भी शानदार प्रदर्शन किया.

अमेरिकी टीम की बल्लेबाजी में कुछ संघर्ष था. कप्तान मोनंक पटेल बिना कोई रन बनाए आउट हो गए. हालांकि, एरॉन जोन्स (16) और संजय कृष्णमूर्ति (16) ने कोशिश की, लेकिन मिलिंद कुमार (47*) ने अंत में अकेले ही टीम को 122 रन तक पहुँचाया. उनके द्वारा छह चौकों की मदद से टीम का स्कोर तीन अंकों से ऊपर बढ़ा.