IPL 2027 के पहले मैच से सस्पेंड हुए टिम डेविड, फाइनल में अंपायर की तरफ फेंका था आइस बैग
आईपीएल 2026 फाइनल के दौरान अंपायर की ओर आइस बैग फेंकने के मामले में टिम डेविड पर कार्रवाई हुई है.
Tim David Suspension: आईपीएल 2026 का फाइनल जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जश्न में डूबी हुई थी. इसी बीच टिम डेविड ने कुछ ऐसा कर दिया, जो पूरी टीम को अगले साल भारी पड़ेगा. फाइनल मुकाबले के दौरान हुए एक विवादित व्यवहार के कारण उनके खाते में डिमेरिट पॉइंट बढ़ गए हैं. अब इसका असर अगले सीजन में भी देखने को मिलेगा.
फाइनल मैच की घटना बनी सस्पेंशन की वजह
आईपीएल की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह मामला फाइनल मुकाबले की पहली पारी के 10वें ओवर से जुड़ा है. आरोप है कि टिम डेविड ने गुस्से में अंपायर नितिन मेनन की दिशा में एक आइस बैग फेंका था. इस व्यवहार को आचार संहिता का उल्लंघन माना गया. मैच अधिकारियों ने मामले की समीक्षा की और इसे लेवल-1 अपराध की श्रेणी में रखा. घटना के बाद डेविड ने अपनी गलती स्वीकार कर ली.
जुर्माना और डिमेरिट पॉइंट्स का हिसाब
इस मामले में टिम डेविड की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया. साथ ही उन्हें दो अतिरिक्त डिमेरिट पॉइंट भी दिए गए. यही दो अंक उनके लिए सबसे बड़ी परेशानी बन गए. इससे पहले भी इस सीजन में वह दो बार आचार संहिता के उल्लंघन के दोषी पाए गए थे. पहले मामले में उन्हें एक और दूसरे मामले में दो डिमेरिट पॉइंट मिले थे. फाइनल के बाद उनके कुल डिमेरिट पॉइंट्स की संख्या बढ़कर पांच हो गई, जिसके कारण उनपर एक मैच का बैन लगा.
पूरे सीजन में तीसरी बार हुई कार्रवाई
आईपीएल 2026 के दौरान डेविड का यह तीसरा अनुशासनात्मक मामला था. उनके पहले दोनों उल्लंघन मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबलों में दर्ज किए गए थे. लगातार नियमों के उल्लंघन ने उनके रिकॉर्ड को प्रभावित किया और आखिरकार फाइनल में हुई घटना ने उन्हें निलंबन तक पहुंचा दिया.
IPL 2027 की शुरुआत नहीं कर पाएंगे
इस फैसले का सीधा असर अगले सीजन पर पड़ेगा. आईपीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि टिम डेविड आईपीएल 2027 में अपनी टीम का पहला मुकाबला नहीं खेल सकेंगे. वह अगले सीजन भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा रहते हैं, तो टीम का शुरुआती मैच मिस करेंगे. वहीं अगर वह किसी दूसरी फ्रेंचाइजी से जुड़ते हैं, तब भी उस टीम के पहले मैच में उन्हें बाहर बैठना होगा.
और पढ़ें
- Serena Williams Comeback: टेनिस कोर्ट पर वापस लौटी सेरेना विलियम्स, क्वीन्स क्लब टूर्नामेंट में खेलेंगी डबल्स
- ICC ने क्रिकेट नियमों में किया बड़ा उलटफेर, टेस्ट में पिंक बॉल ट्रायल को मंजूरी, भारत-पाक मैच पर भी आया बड़ा अपडेट
- होटल पहुंचते ही खुशी से झूम उठी पूरी RCB, सिर पर ट्रॉफी रखकर विराट कोहली संग नाचे क्रुणाल पांड्या, जश्न का Video Viral