IND vs AFG Day 1 Highlights: राहुल-गिल के शतक से चमका भारत, पहले दिन अफगानिस्तान के उड़े तोते
अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर टेस्ट के पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. केएल राहुल और शुभमन गिल के शतकों ने भारत को आज के दिन के अंत पर मजबूत स्थिति में खड़ा कर दिया.
मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय टीम पूरी तरह हावी नजर आई. शुरुआती झटके के बावजूद भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार वापसी की और अफगान गेंदबाजों को धो दिया. केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल ने शतकीय पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
राहुल और सुदर्शन ने संभाली पारी
भारत की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. यशस्वी जायसवाल 24 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. टीम का पहला विकेट सिर्फ 41 रन पर गिर गया. इसके बाद केएल राहुल और साई सुदर्शन ने जिम्मेदारी संभाली. दोनों ने बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 139 रन जोड़े. सुदर्शन ने दिखा दिया कि गौतम गंभीर को उन पर इतना विश्वास क्यों है. सुदर्शन ने शानदार 81 रन बनाए. वह मोहम्मद सलीम सफी की गेंद पर आउट हो गए.
पंत और गिल ने भारत को दिलाई मजबूत बढ़त
राहुल के आउट होने के बाद ऋषभ पंत क्रीज पर आए और उन्होंने अपने अंदाज में रन बनाना शुरू कर दिया. पंत ने संभलकर शुरुआत की और बाद में तेजी से रन जुटाए. दिन का खेल खत्म होने तक उन्होंने 50 रन बना लिए थे, जिसमें दो चौके और तीन शानदार छक्के शामिल रहे. दूसरी ओर शुभमन गिल भी 103 रन बनाकर नाबाद लौटे. दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 121 रनों की साझेदारी हो चुकी है. पहले दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने 3 विकेट पर 368 रन बनाकर मुकाबले में पूरी तरह अपनी पकड़ मजबूत कर ली. अब दूसरे दिन टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ना चाहेगी.