2026 महिला हॉकी विश्व कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान, नेशंस कप की विजेता टीम पर जताया भरोसा
भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2026 महिला हॉकी विश्व कप के लिए बिना किसी बड़े बदलाव के 20 खिलाड़ियों की टीम घोषित की है.
हॉकी इंडिया ने 2026 महिला हॉकी विश्व कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है. चयनकर्ताओं ने उसी 20 खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है, जिन्होंने हाल के टूर्नामेंटों में अच्छा प्रदर्शन किया था. टीम की कमान एक बार फिर सलीमा टेटे के हाथों में रहेगी और सभी खिलाड़ी बड़े मंच पर शानदार प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ उतरेंगे.
अनुभवी और युवा खिलाड़ियों पर जताया भरोसा
भारतीय टीम में इस बार कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है. चयनकर्ताओं ने अनुभव और युवा खिलाड़ियों के संतुलन को बनाए रखते हुए उसी समूह को मौका दिया है, जो आने वाले एशियाई खेलों में भी देश का प्रतिनिधित्व करेगा. मुख्य कोच स्योर्ड मारिजने ने कहा कि टीम ने पिछले कुछ महीनों में लगातार मेहनत की है और सभी खिलाड़ी चुनौती के लिए तैयार हैं. उनके अनुसार यह टीम बड़े मुकाबलों का दबाव झेलने में सक्षम है. खिलाड़ियों ने बेंगलुरु में चल रहे राष्ट्रीय शिविर में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया है और अब उनकी नजर विश्व कप में बेहतर शुरुआत करने पर है.
नेशंस कप की सफलता से बढ़ा आत्मविश्वास
भारतीय टीम हाल ही में एफआईएच नेशंस कप जीतकर विश्व कप में उतर रही है. इस शानदार प्रदर्शन ने खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी बढ़ाया है. गोलकीपिंग की जिम्मेदारी सविता और बिचू देवी संभालेंगी. वहीं रक्षा पंक्ति में सुशीला चानू, ज्योति, शिल्पी डबास, इशिका चौधरी और लालथंतलुंगी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. मिडफील्ड में कप्तान सलीमा टेटे के साथ निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो और नेहा टीम को मजबूती देंगी. वहीं आक्रमण की जिम्मेदारी लालरेम्सियामी, नवनीत कौर, रुतुजा पिसल, बलजीत कौर, दीपिका और ब्यूटी डुंगडुंग जैसे खिलाड़ियों पर होगी.
Also Read
- Chennai Grand Masters: वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश को लगा बड़ा झटका, अलीरेजा फिरोजा ने 69 चालों में किया धराशायी
- 'रोहित का अपमान न हो...', रिटायरमेंट पर भावुक हुए अश्विन, कहा- मुझे जो महसूस हुआ, उन्हें न हो
- IND VS ENG: लॉर्ड्स वनडे से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, चोट के कारण बाहर हुए स्टार ऑल-राउंडर वाशिंगटन सुंदर
पूल डी में भारत की कड़ी परीक्षा
विश्व कप में भारत को पूल डी में रखा गया है, जहां उसे चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों का सामना करना होगा. भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को चीन के खिलाफ करेगी. इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से मुकाबला होगा. सभी ग्रुप मैच नीदरलैंड के एमस्टेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे. टीम प्रबंधन का मानना है कि अगर भारत शुरुआती मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करता है, तो नॉकआउट दौर तक पहुंचने की उसकी संभावनाएं मजबूत होंगी.
महिला विश्व कप के लिए भारतीय टीम
- गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खारीबाम
- डिफेंडर: इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरंबम, लालथंतलुआंगी, ज्योति, शिल्पी डबास
- मिडफील्डर: निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, दीपिका सोरेंग
- फॉरवर्ड: लालरेम्सियामी, रुतुजा दादासो पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग