वाराणसी में टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का खुमार, तैयार की गई स्पेशल' बनारसी साड़ियां, डिटेल्स जानकर तारीफ किए बिना नहीं रह पाएंगे
टीम इंडिया के खिलाड़ियों के लिए साड़ियों की पैकिंग भी बेहद खास तरीके से की गई है. प्रत्येक साड़ी को एक आकर्षक अलग डिब्बे में रखा गया है.
वाराणसी: टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल का पूरा देश इंतजार कर रहा है. देश के अलग-अलग कोनों में टीम इंडिया की जीत के लिए दुआएं की जा रही हैं. इस मौके पर धर्म नगरी काशी में भी एक अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है.
इस ऐतिहासिक मौके को यादगार बनाने के लिए वाराणसी के एक साड़ी व्यापारी ने जो किया है, उसकी पूरे शहर में चर्चा है. उन्होंने अपनी कला के जरिए भारतीय टीम के प्रति सम्मान और अपना लगाव प्रकट किया है.
डेढ़ महीने की मेहनत से बनाई खास साड़ियां
टी20 वर्ल्ड कप इस बार भारत में हो रहा है. घरेलू मैदान पर टीम इंडिया की हौसलाअफजाई के लिए काशी के हुनरमंद कारीगरों ने खास तैयारी की है. उन्होंने करीब डेढ़ महीने की कड़ी मेहनत के बाद 15 विशेष बनारसी साड़ियां तैयार की हैं. ये साड़ियां केवल पहनावा नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के गौरवशाली इतिहास का एक दस्तावेज भी हैं.
डिजाइन में क्रिकेट के इतिहास की झलक
इन साड़ियों की सबसे बड़ी विशेषता इनका डिजाइन है. साड़ी के पल्लू और जमीन पर भारत द्वारा अब तक जीते गए सभी वर्ल्ड कप की ट्रॉफियों को उनके वर्षों के साथ बारीकी से दर्शाया गया है.
इस साल की ट्रॉफी को भी डिजाइन में एक विशेष और प्रमुख स्थान दिया गया है. साड़ी के बॉर्डर पर पारंपरिक फूलों की जगह बैट, बॉल और क्रिकेट से जुड़े अन्य डिजाइनों को बेहद खूबसूरती से बुना गया है.
खिलाड़ियों के लिए खास सरप्राइज
टीम इंडिया के जो खिलाड़ी इस वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रहे हैं उनके लिए साड़ियों की पैकिंग भी बेहद खास तरीके से की गई है. प्रत्येक साड़ी को एक आकर्षक अलग डिब्बे में रखा गया है.
शादीशुदा खिलाड़ियों के लिए उनके और उनकी पत्नी के फोटो वाले बॉक्स तैयार किए गए हैं. अविवाहित खिलाड़ियों के लिए उनकी व्यक्तिगत फोटो के साथ विशेष पैकिंग की गई है. फाइनल के बाद, काशी का यह अनमोल तोहफा भारतीय क्रिकेट टीम के जांबाजों को भेंट स्वरूप भेजा जाएगा.