T20 World Cup: 'मुझे या मेरे बेटे को गालियां देकर...', पाकिस्तानी फैंस पर भड़कीं पाक कप्तान सलमान आगा की पत्नी, छलका दर्द
सब्बा मंजर ने लिखा कि पाकिस्तानी प्रशंसक, मुझे या मेरे बेटे को गालियां देने से आप विश्व कप नहीं जीत पाओगे. कई जिम्मेदार समर्थकों ने भी इस जहरीले व्यवहार की आलोचना की.
नई दिल्ली: T20 World Cup 2026 के सुपर-8 राउंड में पाकिस्तान को इंग्लैंड के हाथों दो विकेट से हार झेलनी पड़ी. इस हार से पाकिस्तान की सेमीफाइनल में पहुंचने की राह कठिन हो गई है. पल्लेकेले में खेले गए इस रोमांचक मैच के बाद जहां अंक तालिका में स्थिति जटिल हुई है, वहीं सोशल मीडिया पर कड़वी प्रतिक्रियाओं ने माहौल और बिगाड़ दिया. पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा के परिवार को निशाना बनाया गया, जिस पर उनकी पत्नी ने खुलकर जवाब दिया.
रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड से हार के बाद कुछ प्रशंसकों ने सलमान अली आगा के परिवार के खिलाफ सोशल मीडिया पर जहर उगला. कप्तान के परिवार को अपमानजनक और धमकी भरे संदेश भेजे गए. इस मामले को लेकर सलमान अली आगा की पत्नी सब्बा मंजर ने इंस्टाग्राम पर अपना गुस्सा जाहिर किया.
कप्तान की पत्नी ने दिया मुंह तोड़ जवाब
सब्बा मंजर ने लिखा कि पाकिस्तानी प्रशंसक, मुझे या मेरे बेटे को गालियां देने से आप विश्व कप नहीं जीत पाओगे. कई जिम्मेदार समर्थकों ने भी इस जहरीले व्यवहार की आलोचना की और सोशल मीडिया पर संयम बरतने की अपील की. यह पहली बार नहीं है जब बड़े टूर्नामेंट में हार के बाद ऐसी प्रतिक्रिया सामने आई हो.
मोइन खान की सख्त प्रतिक्रिया
पूर्व कप्तान मोइन खान ने इस तरह की हरकतों को अस्वीकार्य बताया और साइबर अपराध एजेंसियों से कार्रवाई की मांग की. उन्होंने याद दिलाया कि 1999 में आयोजित विश्व कप के फाइनल में हार के बाद उन्हें भी विरोध और अपमान का सामना करना पड़ा था. साल 1996 में खेले गए विश्व कप के दौरान भी खिलाड़ियों के घरों पर हमला होने जैसी घटनाएं सामने आई थी. ऐसे उदाहरण बताते हैं कि भावनाओं में बहकर की गई हरकतें खेल की भावना को नुकसान पहुंचाती हैं.
इंग्लिश टीम का शानदार प्रदर्शन
मैदान पर इंग्लिश टीम ने शानदार प्रदर्शन किया. 166 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 58/4 पर संघर्ष कर रही थी. कप्तान हैरी ब्रुक ने जिम्मेदारी संभाली और टी20 में अपना पहला शतक जड़ दिया. उन्होंने सैम करन और विल जैक्स के साथ अहम साझेदारियां की. आखिरी ओवर में तीन रन की जरूरत थी, जिसे जोफ्रा ऑर्चर ने बाउंड्री लगाकर पूरा किया. इस जीत के साथ इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई.
क्या अंतिम-4 में पहुंचेगा पाकिस्तान?
पाकिस्तान का आखिरी मुकाबला 28 फरवरी को श्रीलंका से है. उससे पहले 27 फरवरी को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे. यदि न्यूजीलैंड इंग्लैंड से हारता है और पाकिस्तान श्रीलंका को हराता है, तो दोनों के 3 अंक होंगे. ऐसे में फैसला नेट रन रेट से होगा. पाकिस्तान को बड़ी जीत दर्ज करनी होगी और दुआ करनी होगी कि न्यूजीलैंड भारी अंतर से हारे.
पाकिस्तान का सफर खत्म?
अगर पाकिस्तान श्रीलंका से हार जाता है तो उसका सफर खत्म हो जाएगा. अगर न्यूजीलैंड इंग्लैंड को हरा देता है तो पाकिस्तान मुकाबला खेले बिना ही बाहर हो जाएगा. वहीं, अगर इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड मैच बारिश से धुल जाता है, तब भी पाकिस्तान की जीत बेकार साबित होगी क्योंकि न्यूजीलैंड 4 अंकों तक पहुंच जाएगा.
और पढ़ें
- Ranji Trophy Final: आकिब नबी की कातिलाना गेंदबाजी, वीडियो में देखें कैसे केएल राहुल को निपटाया?
- IND vs ZIM: चेपॉक स्टेडियम पर छिड़का गया अमेरिकी 'ड्यू क्योर', ओस से बचने के लिए उठाया गया कदम
- T20 World Cup 2026: सुपर-8 का सुपर गुरुवार, भारत की ‘करो या मरो’ जंग; अहमदाबाद से तय होगी सेमीफाइनल की किस्मत!