IMD Weather

'Zero Sense' CSK के प्लेऑफ सपने पर फिरा पानी, ऋतुराज की रणनीति पर उठे सवाल

IPL 2026 के रोमांचक मोड़ पर चेन्नई सुपर किंग्स को एक ऐसी हार का सामना करना पड़ा है, जिसने टीम के प्लेऑफ सपनों को मुश्किल में डाल दिया है. इस शर्मनाक हार के बाद अब टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड की जमकर आलोचना हो रही है.

X (@Maina_Singhx77)
Meenu Singh

नई दिल्ली: IPL 2026 के रोमांचक मोड़ पर चेन्नई सुपर किंग्स को एक ऐसी हार का सामना करना पड़ा है, जिसने टीम के प्लेऑफ सपनों को मुश्किल में डाल दिया है. लगातार तीन जीत के बाद सीएसके से उम्मीद की जा रही थी कि वह लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीत दर्ज कर अंक तालिका में मजबूत स्थिति बना लेगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका. लखनऊ ने चेन्नई के गेंदबाजों पर पूरी तरह दबाव बनाते हुए मुकाबले को एकतरफा अंदाज में अपने नाम कर लिया. 

पंजाब किंग्स की हार के बाद चेन्नई के पास शीर्ष चार में पहुंचने का सुनहरा मौका था.  लेकिन टीम ने वो मौका गंवा दिया. 188 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए एलएसजी ने 16.4 ओवर में ही जीत दर्ज कर ली. इस शर्मनाक हार के बाद अब सोशल मीडिया पर सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड की जमकर आलोचना हो रही है. इसी कड़ी में चेन्नई के ही एक पूर्व बल्लेबाज ने ऋतुराज गायकवाड की रणनीति पर सवाल खड़े किए हैं. 

टीम चयन पर उठे सवाल

चेन्नई के पूर्व बल्लेबाज सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने मैच के बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड की रणनीति की खुलकर आलोचना की. उनका मानना था कि इस पिच पर स्पिनर अकील हुसैन को बाहर रखना उनकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई. बद्रीनाथ ने आगे कहा कि सीएसके को इस सीजन बार-बार टीम चयन की गलतियों का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है. यही वजह है कि अहम मुकाबलों में टीम पिछड़ रही है.

गेंदबाजी बनी हार की बड़ी वजह

मैच के बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड ने भी माना कि बल्लेबाजों ने अपना काम अच्छी तरह किया था, लेकिन गेंदबाज अपेक्षा के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके. उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि पिच तेज गेंदबाजों की मदद करेगी, लेकिन लखनऊ के बल्लेबाजों ने परिस्थितियों को तेजी से समझते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की. ऋतुराज ने माना कि विपक्षी टीम ने कुछ शानदार शॉट खेले, जिनका जवाब सीएसके के गेंदबाजों के पास नहीं था.

अब हर मैच ‘करो या मरो’

हालांकि हार के बाद भी कप्तान ने सकारात्मक रवैया बनाए रखा. उन्होंने कहा कि अब समीकरण बेहद आसान है बचे हुए हर मुकाबले को जीतना होगा. टीम को घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि गलतियों से सीख लेकर अगले मैचों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा. ऋतुराज ने भरोसा जताया कि अगर खिलाड़ी अपने दिन पर अच्छा प्रदर्शन करें, तो टीम अब भी हालात बदल सकती है. बता दें CSK को अब 2 लीग स्टेज मैच खेलना है.