Asian Games 2026 को लेकर बड़ा फैसला, 246 भारतीय सपोर्ट स्टाफ को मिली सरकार की मंजूरी
Asian Games 2026 के लिए खेल मंत्रालय ने 246 अधिकारियों और सपोर्ट स्टाफ को मंजूरी दी है.
जापान के आइची-नागोया में होने वाले Asian Games 2026 के लिए भारत की तैयारियां तेज हो गई हैं। खेल मंत्रालय ने 246 अधिकारियों और सपोर्ट स्टाफ के नामों को मंजूरी दी है. इसके साथ भारतीय दल की कुल संख्या 768 हो गई है. प्रतियोगिता 19 सितंबर से शुरू होकर 4 अक्टूबर तक चलेगी.
768 सदस्यों का हुआ भारतीय दल
खेल मंत्रालय ने बुधवार को एशियन गेम्स के लिए 246 टीम अधिकारियों और सपोर्ट स्टाफ को मंजूरी दी. भारतीय दल में अब 503 खिलाड़ी शामिल होंगे. शुरुआत में मंत्रालय ने 492 खिलाड़ियों को मंजूरी दी थी लेकिन बाद में खासकर एथलेटिक्स टीम में कुछ और नाम जोड़े गए. इसके साथ भारत का पूरा दल 768 सदस्यों का हो गया है. इसमें शेफ-डी-मिशन सहदेव यादव और चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. दिनशॉ पारदीवाला समेत 19 अन्य अधिकारी भी शामिल हैं. भारत इस बार 36 खेलों में अपनी चुनौती पेश करेगा.
नीरज चोपड़ा बाहर
79 सदस्यों वाली भारतीय एथलेटिक्स टीम के लिए सबसे बड़ा 31 सदस्यीय सपोर्ट स्टाफ मंजूर किया गया है. इस टीम में 20 कोच शामिल हैं, जिनकी अगुवाई नेशनल कोच पी. राधाकृष्णन करेंगे. हालांकि चोट के कारण स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. उनकी गैरमौजूदगी भारतीय एथलेटिक्स टीम के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है. इसके बावजूद टीम में कई मजबूत खिलाड़ी मौजूद हैं और उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी.
Also Read
19 सितंबर से मुकाबले
भारत की दोनों क्रिकेट टीमों के लिए कुल 20 सदस्यों वाले सपोर्ट स्टाफ को मंजूरी मिली है. इस दल की अगुवाई पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण करेंगे. एशियन गेम्स का 20वां संस्करण जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से शुरू होगा और 4 अक्टूबर को समाप्त होगा. भारत अलग-अलग खेलों में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के साथ उतर रहा है.