'बस अब और नहीं...', साउथ अफ्रीका ने हटा दिया चोकर्स का ठप्पा, 9 विकेट से जीतकर फाइनल में एंट्री

T20 World Cup: साउथ अफ्रीका की टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल में अफगानिस्तान की टीम को 9 विकेटों से हरा दिया. साउथ अफ्रीका पहली बार टी20 फॉर्मेट के फाइनल में पहुंची है. साउथ अफ्रीकी टीम के पास ये अच्छा मौका है, जब वो अपने ऊपर लगे चोकर्स वाले टैग को हटाना चाहेगी. टीम कई बार 50 ओवर और टी20 के सेमीफाइनल में पहुंची है, लेकिन वहां से आगे नहीं बढ़ पाई थी.

Social Media
India Daily Live

T20 World Cup: साउथ अफ्रीकी क्रिकेट टीम पहली बार टी20 के खिताबी कदम से एक कदम दूर है. न सिर्फ खिताब बल्कि टीम के पास अपने ऊपर लगे चोकर्स वाले टैग को हटाने का भी अच्छा मौका है. इसके पहले साउथ अफ्रीका की टीम को कई बार सेमीफाइनल में प्रतिद्वंदी टीम को हराकर फाइनल में पहुंचने का मौका मिला, लेकिन टीम को हार का सामना करना पड़ा और उस पर चोकर्स का टैग लग गया. लेकिन अब साउथ अफ्रीका की टीम के पास इस टैग को हटाने का बेहतर मौका है.

साउथ अफ्रीका टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है. अब आज शाम को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल में जीतने वाली टीम से उसका मुकाबला 29 जून को होगा. 

दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड की टीम आमने-सामने होगी. मुकाबला रात 8 बजे से गुयाना नेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. दूसरे सेमीफाइनल में जीतने वाली टीम का मुकाबला 29 जून को बाबबाडोस के केंसिंग्टन ओवल में साउथ अफ्रीकी टीम से होगा.

क्या अफ्रीका पर से हटेगा चोकर्स का टैग?

साउथ अफ्रीकी टीम को बड़े टूर्नामेंट का चोकर्स माना जाता था, लेकिन अब काफी हद तक टीम ने इस टैग को हटा दिया है. साउथ अफ्रीकी टीम पहली बार आईसीसी की ओर से आयोजित टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है. साउथ अफ्रीक की टीम करीब 5 बार यानी साल 1992, 1999, 2007, 2015 और 2023 में 50 ओवर वाले वर्ल्डकप के सेमीफाइनल में एंट्री की लेकिन यहां से आगे नहीं बढ़ पाई. वहीं, टी20 में अफ्रीकी टीम दो बार यानी साल 2009 और 2014 में सेमीफाइनल तक पहुंची लेकिन दोनों ही बार उसे हार का सामना करना पड़ा. 

अब जान लीजिए, साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के मैच में क्या हुआ?

T20 वर्ल्ड कप 2024 के पहले सेमीफाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाली अफगानिस्तान की विदाई हो गई. पहले बल्लेबाजी करने आई अफगानी टीम के बल्लेबाज साउथ अफ्रीका के गेंदबाज के सामने बिलकुल नहीं टिक पाए और पूरी टीम मात्र 56 रनों पर आलआउट हो गई. 57 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने एक विकेट के नुकसान पर टार्गेट को आसानी से हासिल कर लिया.

सेमीफाइनल में पहले बल्लेबाजी और फिर गेंदबाजी में निराश करने वाली अफगानिस्तान की टीम इस पूरे टूर्नामेंट में बेहतर खेल रही थी. लेकिन साउथ अफ्रीका से मिली हार के बाद अफगानिस्तान इस टूर्नामेंट से बाहर हो गई. पहले तो साउथ अफ्रीका की शानदार गेंदबाजी के आगे अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए, फिर जब साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों की बारी आई तो अफगान के गेंदबाज बुरी तरह फेल हो गए. हालांकि टीम ने अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज डिकॉक को सस्ते में पवेलियन लौटाया, लेकिन ये काफी साबित नहीं हुआ.

अफगानिस्तान का एक भी बल्लेबाज बेहतर खेल नहीं दिखा सका. ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज महज चार रनों के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए. इसके बाद गुलबदिन नायब, इब्राहिम जादरान, मोहम्मद नबी और नांगेयालिया खोटे दहाई अंक के आंकड़े को भी नहीं छू पाए. अफगानिस्तान की आधी टीम तो मात्र 23 रन बनाकर पवेलियन लौटी. साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को संभलने तक का मौका नहीं दिया.