महज कुछ ही घंटों में टूटा पाकिस्तानी खिलाड़ी का विश्व रिकॉर्ड, दुनिया के नए सिक्सर किंग बने शिमरन हेटमायर
टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची पर नजर डालें तो इसमें वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों का दबदबा साफ दिखाई देता है
नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 राउंड में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे अहम मुकाबले में विस्फोटक बल्लेबाज शिमरन हेटमायर ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इस मैच में उन्होंने दो छक्के लगाते ही टी20 विश्व कप के एक ही संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का विश्व रिकॉर्ड बना दिया.
हेटमायर ने इस विश्व कप में अब तक कुल 19 छक्के जड़ दिए हैं. इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने इसी विश्व कप में 18 छक्के लगाए थे. हेटमायर अब इस सूची में शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं.
वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों का दबदबा
टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची पर नजर डालें तो इसमें वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों का दबदबा साफ दिखाई देता है. तीसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के ही विकेटकीपर-बल्लेबाज निकोलस पूरन हैं, जिन्होंने 2024 टी20 विश्व कप में 17 छक्के लगाए थे.
चौथे नंबर पर क्रिस गेल का नाम
चौथे स्थान पर दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल का नाम है. 'यूनिवर्स बॉस' के नाम से मशहूर गेल ने 2012 विश्व कप में 16 छक्के जड़े थे और उसी वर्ष वेस्टइंडीज ने अपना पहला टी20 विश्व कप खिताब भी जीता था. इस सूची में अफगानिस्तान के आक्रामक बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज भी शामिल हैं, जिन्होंने 2024 संस्करण में 16 छक्के लगाए थे.
भारत-वेस्टइंडीज के बीच टक्कर का मुकाबला
मैच की बात करें तो टॉस हारकर वेस्टइंडीज की टीम ने पहले बल्लेबाजी की. दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. हेटमायर ने भले ही रिकॉर्ड बना लिया, लेकिन वे लंबी पारी नहीं खेल सके. उन्होंने सिर्फ 12 गेंदों में 27 रन बनाए, जिसमें दो छक्के और एक चौका शामिल रहा.
उनका स्ट्राइक रेट 227 से ज्यादा रहा, जो उनकी आक्रामक शैली को दर्शाता है. भारतीय गेंदबाजों ने उन्हें ज्यादा देर टिकने नहीं दिया और जल्दी आउट कर दिया. टी20 क्रिकेट में बड़े शॉट्स के लिए मशहूर हेटमायर ने इस विश्व कप में लगातार आक्रामक बल्लेबाजी की है.
और पढ़ें
- T20 World Cup 2026: सिकंदर रजा ने रचा इतिहास, टी20 विश्व कप में ऐसा करने वाले बने पहले कप्तान
- 'खुद कप्तानी छोड़ोगे या PCB हटाएगा', पत्रकार के सवाल पर क्या बोले पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा?
- India vs West Indies Live Streaming: कहां देखें भारत-वेस्टइंडीज T20 वर्ल्ड कप मैच की लाइव स्ट्रीमिंग, यहां जानें हेड-टू-हेड, प्लेइंग-11, पिच और मौसम रिपोर्ट