'टाइम वेस्ट मत करो...' Sarfaraz Khan ने धनंजय डी सिल्वा का किया भेजा फ्राई, 2 गेंद बाद ही आउट हुए श्रीलंकाई कप्तान

कोलंबो टेस्ट में सरफराज खान ने शॉर्ट लेग से श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा पर जुबानी दबाव बनाया. उनकी बात के दो गेंद बाद धनंजय कैच आउट हो गए और सरफराज ने जोरदार जश्न मनाया.

X (@CricketCentrl)
Meenu Singh

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में तुक्के से शामिल हुए सरफराज खान को अभी तक प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है. वह टीम में पार्टटाइम फिल्डर बनकर रह गए हैं. वह भले ही अंतिम ग्यारह में शामिल न हो, लेकिन मैदान पर उनकी मौजूदगी लगातार नजर आ रही है.

कोलंबो टेस्ट के तीसरे दिन उन्होंने अपनी फील्डिंग और चुटीली स्लेजिंग से भारतीय टीम को फायदा पहुंचाया. शॉर्ट लेग पर तैनात सरफराज ने श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा से कुछ ऐसा कहा, जिसके थोड़ी देर बाद ही भारतीय टीम को अहम विकेट मिल गया. इस घटना ने मुकाबले का रोमांच बढ़ा दिया.

सरफराज ने कप्तान को किया परेशान

35वें ओवर में सरफराज शॉर्ट लेग पर मौजूद थे और मानव सुथार गेंदबाजी करा रहे थे. विपक्षी टीम के कप्तान धनंजय डी सिल्वा बल्लेबाजी कर रहे थे. ओवर की तीसरी गेंद के बाद सरफराज ने उन्हें कप्तान होने और समय बर्बाद करने को लेकर टोका. उन्होंने धनंजय से डरने के बजाय खेलने की बात कही. उन्होंने कप्तान से कहा कि आप कप्तान हो और टाइम वेस्ट कर रहे हो, डरो मत, खेलो. इसके बाद बल्लेबाज का ध्यान भटका और दो गेंद बाद ही वह आउट हो गए.


दो गेंद बाद स्लिप में कैच

मानव सुथार की गेंद पर धनंजय डी सिल्वा ने शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन एज लगकर वह स्लिप की तरफ चली गई. कैच पूरा होते ही सरफराज ने जोरदार अंदाज में जश्न मनाया. वह लगातार श्रीलंकाई बल्लेबाजों से बातचीत कर रहे थे. उनकी लगातार टिप्पणियों के बाद अंपायर ने उन्हें चेतावनी भी दी, लेकिन उसके बाद भी वह अपनी मजेदार बातों से बाज नहीं आए.

श्रीलंका सीरीज में लगातार जारी जुबानी जंग

भारत और श्रीलंका के बीच इस सीरीज में खिलाड़ियों के बीच शब्दों का आदान-प्रदान भी देखने को मिला है. गॉल टेस्ट में यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई विकेटकीपर डिकवेला के बीच तीखी बातचीत हुई थी. इसके बाद जायसवाल ने विकेट हासिल किया था. कोलंबो टेस्ट में जायसवाल और असिता फर्नांडो भी आमने-सामने आए, जिसके बाद दोनों पर मैच फीस का जुर्माना लगा.