'मैं रोबोट नहीं हूं...' अर्धशतक के बाद संजू सैमसन का छलका दर्द, सूर्यवंशी के सेलेक्शन पर कही बड़ी बात?

अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे T20 में संजू सैमसन ने 22 गेंदों पर 57 रन बनाकर शानदार वापसी की. इस पारी के बाद संजू का दर्द झलका.

X (@ImTanujSingh)
Meenu Singh

श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को दूसरे टी20 मुकाबले में 7 विकेट से हराकर सीरीज को पहले ही 2-0 से अपने नाम कर लिया है. तीन मैचों की टी20 सीरीज में भारत ने 2 मुकाबले अपने नाम कर टी20 में एक बार फिर से अपनी बादशाहत साबित कर दी है. अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 160 रनों का लक्ष्य दिया था जिसे भारत ने बहुत ही आसानी से हासिल कर लिया.

इस दौरान संजू सैमसन ने अपने बल्ले का जोर दिखाते हुए आतिशी अर्धशतक जड़ा. सैमसन ने महज 22 गेंदों में 57 रन की तेज पारी खेली. अपनी इस पारी के बाद संजू ने न केवल अपनी बल्लेबाजी, बल्कि अपनी आलोचनाओं और साथ ही ओपनिंग में अन्य विकल्प पर भी बात की. 

प्रतिद्वंद्वी नहीं सूर्यवंशी-अभिषेक...

मैच के बाद सैमसन से टीम में सलामी बल्लेबाजों के बीच प्रतिस्पर्धा को लेकर सवाल हुआ. उन्होंने कहा कि यह मुकाबला बाहर की दुनिया को दिखाई देता है, लेकिन टीम के अंदर ऐसी सोच नहीं है. उनके मुताबिक वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा उनके प्रतिद्वंद्वी नहीं, बल्कि साथी खिलाड़ी हैं. सैमसन ने साफ किया कि टीम का पहला लक्ष्य मुकाबला जीतना है और खिलाड़ियों को मौके मिलने को लेकर नकारात्मक सोच नहीं रखनी चाहिए.


सोशल मीडिया की बातों से रहते हैं दूर

सैमसन ने माना कि सोशल मीडिया और पूर्व क्रिकेटरों की टिप्पणियां कई बार खिलाड़ियों तक पहुंच जाती हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह वाई फाई बंद रखने की कोशिश करते हैं, लेकिन कभी-कभी टिप्पणियां और ट्रोलिंग सामने आ ही जाती हैं. कुछ पूर्व भारतीय खिलाड़ियों ने सलामी बल्लेबाज की जगह को लेकर अलग-अलग राय रखी है. किसी ने सूर्यवंशी को मौका देने की बात कही, तो कुछ ने अभिषेक की जगह पर सवाल उठाए हैं.

मैं रोबोट नहीं हूं...

इसके बाद संजू ने अपनी आलोचनाओं और दिग्गजों की टिप्पणी पर अपनी चुप्पी तोड़ी और कहा कि, 'मुझे लगता है कि मैं इतना परिपक्व और अनुभवी हो चुका हूं कि इसे संभालना जानता हूं. पहले थोड़ा दर्द होता था. क्योंकि मैं कोई मशीन या रोबोट नहीं हूं कि इसका मुझ पर कोई असर नहीं होगा. बेशक, इसका असर पड़ता है.'