अफगानिस्तान टेस्ट से पहले टीम इंडिया को मिला नया स्पिन कोच, IPL-U19 वर्ल्ड कप में भी कर चुके हैं कमाल

अफगानिस्तान टेस्ट से पहले भारत के पूर्व स्पिनर साईराज बहुतुले को भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का स्पिन-बॉलिंग कोच नियुक्त किया गया.

@mufaddal_vohra
Ashutosh Rai

अफगानिस्तान टेस्ट से पहले भारत पुरूष क्रिकेट टीम को एक नया स्पिन कोच मिल गया है. साईराज बहुतुले को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. बहुतुले ने 1997 और 2003 के बीच दो टेस्ट और आठ वनडे मैच खेले थे. एक खिलाड़ी और कोच को तौर पर अपने साथ वह बड़ा अनुभव लेकर आ रहे हैं.

यह मौका मेरे लिए बहुत खासः बहुतुले

साईराज बहुतुले ने नियुक्ति पर यह कहा, “भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के स्पिन बॉलिंग कोच के तौर पर नियुक्त होना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है. एक खिलाड़ी के तौर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बेहद गर्व की बात थी और एक बार फिर कोचिंग की भूमिका में भारतीय क्रिकेट में योगदान देने का यह मौका मेरे लिए बहुत खास है. मैं खिलाड़ियों के साथ काम करने और सभी फॉर्मेट में टीम की बेहतरीन प्रदर्शन की कोशिशों में उनका साथ देने के लिए उत्सुक हूं.

IPL में भी दिखे बहुतुले

इससे पहले साईराज बहुतुले IPL फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स और 2026 के सीजन में पंजाब किंग्स के लिए स्पिन बॉलिंग कोच भी रह चुके हैं. बहुतले ने 188 फर्स्ट-क्लास मैचों में 630 विकेट लिए हैं. साथ ही लिस्ट A क्रिकेट में 197 विकेट चटकाए हैं. बल्ले से भी उनका रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है. फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में उनका औसत 31.83 रहा और उन्होंने 6000 से ज्यादा रन बनाए.

BCCI की प्रेस रिलीज

BCCI की एक प्रेस रिलीज में कहा गया, "एक शानदार खेल करियर के बाद, बहुतुले ने खुद को भारतीय क्रिकेट के सबसे सम्मानित कोचों में से एक के तौर पर स्थापित किया है. उनके कोचिंग करियर में घरेलू, पाथवे और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट शामिल हैं, जिसमें विदर्भ, केरल, गुजरात और बंगाल के हेड कोच के तौर पर बिताए गए कार्यकाल भी शामिल हैं. उन्होंने IPL फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के साथ स्पिन-बॉलिंग कोच के तौर पर भी काम किया है."

अंडर-19 विश्व कप टीम के बॉलिंग कोच

53 वर्षीय बहुतुले ने भारत की अंडर-19 और 'A' टीमों के साथ भी बड़े पैमाने पर काम किया है. वह 2022 में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के बॉलिंग कोच थे और 2024 में हुए टूर्नामेंट के कोचिंग स्टाफ का भी हिस्सा थे, जब भारत फाइनल तक पहुंचा था. 2021 से 2024 तक बहुतुले BCCI की नेशनल क्रिकेट एकेडमी (अब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) में कोचिंग सेटअप के एक अहम सदस्य थे.