MI vs KKR: हिटमैन ने कोलकाता के गेंदबाजी आक्रमण को किया नेस्तनाबूद, अपने IPL करियर में जड़ी सबसे तेज फिफ्टी
रोहित शर्मा ने मात्र 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो उनके आईपीएल करियर की सबसे तेज फिफ्टी रही. इससे पहले उनका सबसे तेज अर्धशतक 25 गेंदों में आया था, जो उन्होंने 2015 के फाइनल में लगाया था.
मुंबई: आईपीएल 2026 के दूसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया. बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित ने आक्रामक शुरुआत की और पावरप्ले के अंदर ही अर्धशतक पूरा कर विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया.
इस मैच में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 220 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 67 रनों की अहम पारी खेली, जबकि अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंदों में 51 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. इसके बाद 221 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम को रोहित शर्मा ने दमदार शुरुआत दिलाई.
50वां फिफ्टी प्लस स्कोर बनाया
इस पारी के साथ ही रोहित शर्मा ने आईपीएल में अपना 50वां फिफ्टी प्लस स्कोर भी पूरा किया. इस सूची में वह चौथे स्थान पर हैं, जबकि शीर्ष पर विराट कोहली का नाम है, जिन्होंने आईपीएल में अब तक सबसे अधिक 72 बार 50 या उससे अधिक रन बनाए हैं.
272 मुकाबलों में 7000 से अधिक रन
अगर रोहित शर्मा के आईपीएल करियर पर नजर डालें, तो वह 2008 से लगातार इस लीग का हिस्सा रहे हैं और खुद को एक सफल बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया है. इस मैच से पहले वह 272 मुकाबलों में 7000 से अधिक रन बना चुके थे, जिसमें 2 शतक और कई अर्धशतक शामिल हैं. उनकी यह पारी एक बार फिर साबित करती है कि बड़े मैचों में वह टीम के लिए कितना अहम योगदान दे सकते हैं.