रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, बतौर ओपनर पूरे किए 16,000 रन, सचिन तेंदुलकर भी नहीं छू सके यह जादुई आंकड़ा

रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में बतौर ओपनर 16,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे कर एक नया इतिहास रच दिया.

X
Ashutosh Rai

भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है. धर्मशाला में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए पहले वनडे मुकाबले में उन्होंने बतौर सलामी बल्लेबाज 16,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे कर क्रिकेट जगत में नया कीर्तिमान स्थापित किया.

रोहित शर्मा ने छुआ ऐतिहासिक मुकाम

मैच से पहले रोहित शर्मा को इस खास रिकॉर्ड तक पहुंचने के लिए केवल छह रन की जरूरत थी. जैसे ही उन्होंने अपना छठा रन पूरा किया, वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर ओपनर 16,000 रन बनाने वाले भारत के दूसरे बल्लेबाज बन गए. उनसे पहले यह उपलब्धि केवल वीरेंद्र सहवाग के नाम थी. रोहित ने यह मुकाम 384वीं अंतरराष्ट्रीय पारी में हासिल किया.


दुनिया के दिग्गज ओपनर्स की लिस्ट में शामिल

रोहित शर्मा अब उन चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं जिन्होंने बतौर ओपनर 16,000 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाए हैं. इस सूची में सनथ जयसूर्या, क्रिस गेल, डेविड वॉर्नर, ग्रीम स्मिथ, डेसमंड हेन्स और वीरेंद्र सहवाग जैसे बड़े नाम मौजूद हैं. भारतीय क्रिकेट में सहवाग के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले रोहित दूसरे खिलाड़ी हैं. खास बात यह है कि क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर भी बतौर ओपनर इस आंकड़े तक नहीं पहुंच पाए थे.

एक ही मैच में दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम

धर्मशाला का मुकाबला रोहित शर्मा के लिए बेहद खास साबित हुआ. 16,000 रन पूरे करने के अलावा उन्होंने वनडे क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज जैक कैलिस को भी पीछे छोड़ दिया. अपनी पारी के शुरुआती रन बनाते ही उन्होंने कैलिस के 11,579 वनडे रनों का रिकॉर्ड पार कर लिया. इसके साथ ही रोहित वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में आठवें स्थान पर पहुंच गए.