श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले धोनी की शरण में पहुंचे ऋषभ पंत, रांची में किया अभ्यास

ऋषभ पंत ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ से पहले रांची में MS धोनी और पूर्व स्पिनर शाहबाज नदीम के साथ अभ्यास शुरू किया है.

X
Ashutosh Rai

श्रीलंका दौरे से पहले भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है. उन्होंने रांची में पूर्व कप्तान MS धोनी के साथ अभ्यास किया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. यह तैयारी टेस्ट सीरीज से पहले काफी अहम मानी जा रही है.

रांची में धोनी के साथ मैदान पर उतरे ऋषभ पंत

श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले ऋषभ पंत रांची पहुंचे, जहां उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान MS धोनी के साथ ट्रेनिंग की. इस अभ्यास सत्र में पूर्व भारतीय स्पिनर शाहबाज नदीम भी मौजूद रहे. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पंत और धोनी को एक साथ देखा गया, जिसके बाद फैंस के बीच काफी उत्साह देखने को मिला. माना जा रहा है कि पंत ने विकेटकीपिंग, बल्लेबाजी और स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ खेलने को लेकर धोनी से खास सलाह ली. भारतीय टीम के लिए यह सीरीज़ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

श्रीलंका दौरे में निभानी होगी बड़ी जिम्मेदारी

भारत का श्रीलंका दौरा 15 अगस्त से शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच के साथ शुरू होगा. कप्तान शुभमन गिल की अगुआई में टीम स्पिन वाली पिचों पर खेलने उतरेगी, जहां मिडिल ऑर्डर में ऋषभ पंत की भूमिका काफी अहम होगी. हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में पंत अपनी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए थे. ऐसे में यह दौरा उनके लिए शानदार वापसी का मौका माना जा रहा है. श्रीलंका की परिस्थितियों को देखते हुए टीम को एक ऐसे बल्लेबाज की जरूरत होगी, जो दबाव में तेजी से रन बना सके और मैच का रुख बदल सके.


धोनी और युवराज दोनों से ले रहे हैं सलाह

ऋषभ पंत पिछले कुछ समय से अपने खेल को और बेहतर बनाने पर लगातार काम कर रहे हैं. इससे पहले उन्होंने भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह के साथ भी अपने व्हाइट-बॉल क्रिकेट पर अभ्यास किया था. अब टेस्ट सीरीज़ से पहले उन्होंने धोनी के साथ समय बिताया है, जिन्हें स्पिन के खिलाफ खेलने और विकेटकीपिंग की कला में सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में गिना जाता है. पंत और धोनी के बीच लंबे समय से अच्छा रिश्ता रहा है और पंत कई बार खुलकर कह चुके हैं कि उन्होंने धोनी से बहुत कुछ सीखा है.