मैच जीतने के बाद भी क्यों लगा ऋषभ पंत पर जुर्माना? BCCI ने इस गलती की सुनाई सजा
IPL 2026 के रोमांच के बीच लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत एक नई मुश्किल में फंस गए हैं. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करने के बावजूद पंत पर भारी जुर्माना लगाया गया है.
नई दिल्ली: IPL 2026 के रोमांच के बीच लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत एक नई मुश्किल में फंस गए हैं. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करने के बावजूद पंत पर भारी जुर्माना लगाया गया है. टीम ने मैदान पर बेहतरीन प्रदर्शन किया, लेकिन निर्धारित समय में ओवर पूरे न कर पाने की गलती कप्तान को महंगी पड़ गई. टूर्नामेंट के अहम मोड़ पर मिली यह सजा अब चर्चा का बड़ा विषय बन चुकी है.
शुक्रवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में LSG और CSK के बीच मुकाबला खेला गया जिसमें लखनऊ ने सात विकेट से बाजी मारी. हालांकि इस जीत का एलएसजी को कुछ खासा फायदा नहीं होगा, लेकिन हां टीम ने चेन्नई का खेल जरूर बिगाड़ दिया है. इसी बीच अब बीसीसीआई ने लखनऊ के कप्तान को सजा सुनाई.
12 लाख का लगा जुर्माना
खेले गए मुकाबले में LSG ने CSK को सात विकेट से हराया. हालांकि मैच के बाद IPL गवर्निंग काउंसिल ने ऋषभ पंत पर 12 लाख रुपये का जुर्माना ठोक दिया. आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि टीम स्लो ओवर रेट बनाए रखने की दोषी पाई गई, जिसके चलते आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह कार्यवाही की गई है.
Also Read
जीत से खुश दिखे ऋषभ पंत
मैच के बाद पंत ने टीम की जीत को बेहद अहम बताया. उन्होंने कहा कि कठिन दौर के बावजूद खिलाड़ी लगातार मेहनत कर रहे हैं और यह जीत टीम के आत्मविश्वास को मजबूत करेगी. पंत ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी भूमिकाओं को अच्छी तरह समझा और उसी का फायदा टीम को मिला.
रणनीति में बदलाव से मिला फायदा
एलएसजी ने इस मुकाबले में बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया था. पंत ने बताया कि टीम की योजना विदेशी बल्लेबाजों से ओपनिंग कराने और निकोलस पूरन को नंबर तीन पर भेजने की थी. इसके अलावा चार तेज गेंदबाजों की रणनीति भी टीम के लिए सफल साबित हुई. उन्होंने माना कि जरूरत से ज्यादा सोचने के बजाय सरल क्रिकेट खेलने से टीम को फायदा मिला.