Rinku Singh: अफगानिस्तान सीरीज से बाहर हुए रिंकू, क्या खत्म होने लगा टीम इंडिया में T20 का सफर?

अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए रिंकू सिंह को टीम में जगह नहीं मिली है. जिम्बाब्वे दौरे और IPL में साधारण प्रदर्शन के बाद उनकी जगह को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

ANI
Meenu Singh

अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है. श्रेयस अय्यर को कप्तानी और तिलक वर्मा को उपकप्तानी सौंपी गई है. टीम में संजू सैमसन की वापसी हुई है, जबकि रिंकू सिंह को बाहर रखा गया है. खास बात यह है कि रिंकू हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर टीम का हिस्सा थे. उनके अचानक बाहर होने के बाद अब उनके T20 भविष्य पर चर्चा शुरू हो गई है.

रिंकू को बाहर करने की वजह साफ नहीं

रिंकू सिंह को टीम से बाहर किए जाने की वजह BCCI या चयनकर्ताओं ने आधिकारिक तौर पर नहीं बताई है. हालांकि, उनकी हालिया बल्लेबाजी को इसके पीछे एक कारण माना जा रहा है. रिंकू की पहचान टीम के भरोसेमंद फिनिशर के तौर पर रही है, लेकिन मौजूदा समय में भारतीय टीम के पास इस भूमिका के लिए कई विकल्प मौजूद हैं.

जिम्बाब्वे में नहीं चला रिंकू का बल्ला

जिम्बाब्वे दौरे पर रिंकू सिंह तीन मुकाबलों में केवल 37 रन बना सके थे. इससे पहले 2026 टी20 वर्ल्ड कप में भी उनका प्रदर्शन प्रभावी नहीं रहा. उन्होंने पांच पारियों में सिर्फ 24 रन बनाए थे. आईपीएल में भी रिंकू उम्मीद के मुताबिक असर नहीं छोड़ सके. 11 पारियों में उन्होंने 148.98 के स्ट्राइक रेट से 295 रन बनाए.


UPT20 लीग में दिखा अलग अंदाज

हालांकि, घरेलू क्रिकेट में रिंकू ने अपनी फॉर्म को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं. मौजूदा समय में वह यूपीटी20 लीग में मेरठ मावेरिक्स की कप्तानी कर रहे हैं. टीम के लिए उन्होंने नौ पारियों में 178.85 के स्ट्राइक रेट से 372 रन बनाए हैं. ऐसे में उनके पास खुद को दोबारा साबित करने का अच्छा मौका है. मजबूत प्रदर्शन से वह चयनकर्ताओं का ध्यान फिर खींच सकते हैं.

ऐसा रहा है रिंकू का टी20 रिकॉर्ड

रिंकू सिंह ने भारत के लिए अब तक 48 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. उनके नाम 702 रन हैं और स्ट्राइक रेट 156.34 का रहा है. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 69 रन है, जबकि वह तीन अर्धशतक भी लगा चुके हैं. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने की क्षमता टीम के लिए उपयोगी रही है. 

IND vs AFG सीरीज के ल‍िए टीम इंड‍िया का स्कॉड

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी*, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर*, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह*, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा*