MI VS RR: मुंबई के घर में राजस्थान की रॉयल दहाड़, MI को बुरी तरह रौंदकर प्लेऑफ के आखिरी टिकट पर किया कब्जा
राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 30 रन से हराकर IPL 2026 प्लेऑफ में जगह बना ली. वानखेड़े में मिली इस जीत के साथ राजस्थान ने चौथे स्थान पर रहते हुए आखिरी टिकट अपने नाम किया.
IPL 2026: आईपीएल 2026 के सबसे अहम मुकाबलों में शामिल राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस की भिड़ंत ने प्लेऑफ की तस्वीर पूरी तरह साफ कर दी. करो या मरो के इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को उसके घरेलू मैदान पर हराया. बल्लेबाजों ने पहले बड़ा स्कोर खड़ा किया और फिर गेंदबाजों ने मुंबई की मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप को दबाव में ला दिया. इस जीत के साथ राजस्थान ने प्लेऑफ में जगह बना ली.
राजस्थान की बल्लेबाजी ने मैच पर बनाई पकड़
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स के यशस्वी जायसवाल ने शुरुआती ओवरों में तेज रन बटोरे और टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई. हालांकि, युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ज्यादा देर टिक नहीं सके. कप्तान रियान पराग ने भी छोटी पारी खेली. इसके बाद ध्रुव जुरेल और दासुन शनाका ने पारी को संभाला. दोनों के बीच अहम साझेदारी हुई. राजस्थान बड़े स्कोर की ओर बढ़ा. आखिरी ओवरों में जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर ने तेज बल्लेबाजी कर टीम का स्कोर 205 रन तक पहुंचा दिया.
मुंबई की शुरुआत ने बिगाड़ा पूरा खेल
206 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही. रोहित शर्मा पहले ही ओवर में बिना खाता खोले आउट हो गए. इसके बाद नमन धीर, रयान रिकेल्टन और तिलक वर्मा भी जल्दी पवेलियन लौट गए. पावरप्ले खत्म होने तक मुंबई चार बड़े विकेट गंवा चुकी थी. टीम दबाव से बाहर निकलने की कोशिश करती रही लेकिन लगातार गिरते विकेटों ने मैच पूरी तरह राजस्थान की पकड़ में पहुंचा दिया.
सूर्या और हार्दिक ने लड़ी जंग
मुश्किल हालात में सूर्याकुमार यादव ने एक छोर संभालकर बल्लेबाजी की. उन्होंने विल जैक्स के साथ मिलकर टीम को संभालने की कोशिश की. जैक्स ने बल्लेबाजी करते हुए तेजी से रन बनाए. वहीं सूर्यकुमार ने संयम के साथ पारी आगे बढ़ाई. बाद में कप्तान हार्दिक पंड्या ने भी तेज रन बनाकर उम्मीद जगाई. हालांकि, राजस्थान के गेंदबाज लगातार दबाव बनाए रखने में सफल रहे. जैसे ही हार्दिक और सूर्या आउट हुए, मुंबई की जीत की उम्मीद लगभग खत्म हो गई.
और पढ़ें
- 'पैदल चलने वाले से बन गया SUV का मालिक', 14 साल बाद इस युवक ने हमेशा के लिए छोड़ा नोएडा, लोगों को रुला रहा वीडियो
- Jasprit Bumrah IPL: जसप्रीत बुमराह के 11 साल के आईपीएल करियर में पहली बार हुआ ऐसा, लगा ये बड़ा दाग
- IPL 2026: रोहित शर्मा के नाम हुआ सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड, सुनील नरेन और दिनेश कार्तिक को छोड़ा पीछे