World Test Championship को असली 'चैम्पियनशिप' बनाने के लिए अश्विन ने दिया अहम सुझाव

World Test Championship: भारतीय स्पिनर रविचंद्रन ऐश्विन ने कहा कि भारत लगातार दो WTC फाइनल हार चुका है, लेकिन एक करीबी मुकाबले में हार टीम के प्रदर्शन का सही प्रतिबिंब नहीं हो सकता है.

Antriksh Singh

World Test Championship:  भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल को 3 मैचों की सीरीज बनाने का सुझाव दिया है. अपने यूट्यूब चैनल पर अश्विन ने कहा कि भारत लगातार दो डब्ल्यूटीसी फाइनल हार चुका है, लेकिन एक मुकाबले में हार पूरी तस्वीर नहीं बताती. उन्होंने कहा कि तीन टेस्ट मैचों की सीरीज से टीमों को वापसी करने का मौका मिलेगा.

वापसी की गुंजाइश होनी चाहिए

अश्विन ने कहा, "हां, हम दो डब्ल्यूटीसी फाइनल हार गए, मैं इसे पूरी तरह से स्वीकार करता हूं. लेकिन टेस्ट सीरीज में वापसी की गुंजाइश हमेशा होती है."

उन्होंने आगे कहा, "हम इंग्लैंड में न्यूजीलैंड से खेले, फिर हम इंग्लैंड में ऑस्ट्रेलिया से खेले; हम दोनों हार गए. लेकिन क्या अगर हम दो और टेस्ट खेलते तो वापसी का मौका होता?"

दो फाइनल हार चुका भारत

भारत 2021 और 2023 में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो फाइनल हार चुका है. 2021 के फाइनल में बारिश के कारण भारत का भाग्य साथ नहीं दे पाया था. हालांकि, 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को पूरी तरह से पछाड़ दिया था.

अश्विन ने कहा, "यह मामूली अंतर का खेल है. तो, क्या डब्ल्यूटीसी फाइनल को सीरीज के रूप में खेला जाना चाहिए? क्या इसके लिए कोई समय उपलब्ध है? आईसीसी को यह तय करना चाहिए."

दूसरे स्थान पर भारत

भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है. भारत को अपने शीर्ष स्थान से गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने हटा दिया था, जिसने अपने घरेलू सीरीज में पाकिस्तान को 3-0 से हराया था. ऑस्ट्रेलिया ने 2023-2025 के अभियान में अच्छी शुरुआत की है. बाद में 2024 में, ऑस्ट्रेलिया भारत की भी 5 टेस्ट मैचों की सीरीज की मेजबानी करेगा.

दूसरी ओर, भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपनी 2 मैचों की सीरीज ड्रॉ की. सेंचुरियन में बुरी तरह हार के बाद, भारत ने क्रिकेट के इतिहास के सबसे छोटे टेस्ट मैच में केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका को हराया.