मुंबई इंडियंस को लगा दोहरा झटका! एक साथ 2 खिलाड़ी हुए IPL 2026 से बाहर
मुंबई इंडियंस के दो स्टार खिलाड़ी इंजरी के कारण शेष टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को आधिकारिक बयान जारी कर दोनों खिलाड़ियों के बाहर होने की पुष्टि की.
नई दिल्ली: मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन उम्मीदों के अनुसार नहीं गया. टीम का प्रदर्शन इस सीजन बेहद निराशाजनक रहा है, जिस कारण टीम पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर चुकी है. लेकिन इसी बीच टीम को दोहरी झटका लगा है.
रिपोर्ट आ रही है कि टीम के 2 स्टार खिलाड़ी इंजरी के कारण शेष टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को आधिकारिक बयान जारी कर दोनों खिलाड़ियों के बाहर होने की पुष्टि की. बता दें टीम को अपने अंतिम 2 मुकाबले खेलने है जिसमें टीम अपनी साख बचाने के लिए खेलेगी.
MI को लगा दोहरा झटका
दरअसल मुंबई इंडियंस के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक और युवा ऑलराउंडर राज अंगद बावा चोट के कारण टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं. मुंबई इंडियंस के अनुसार, क्विंटन डी कॉक को बाएं हाथ की कलाई में टेंडन की चोट लगी है, जबकि राज अंगद बावा दाहिने अंगूठे के लिगामेंट इंजरी से जूझ रहे हैं. दोनों खिलाड़ी अब अपने घर पर रहकर रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया पूरी करेंगे.
बल्लेबाजी विभाग को लगा झटका
दक्षिण अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले से पहले चोट लगी थी. उनकी गैरमौजूदगी से मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी क्रम को बड़ा नुकसान पहुंचा है, क्योंकि डी कॉक टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक थे.
सीजन के अहम मुकाबलों में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती थी. हालांकि अब टीम को अंतिम दो मैचों में नए संयोजन के साथ उतरना पड़ेगा.
बावा की चोट से कमजोर हुआ ऑलराउंड विभाग
युवा ऑलराउंडर राज अंगद बावा को पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में चोट लगी थी. उनके अंगूठे के लिगामेंट में समस्या आने के बाद मेडिकल टीम ने उन्हें आराम की सलाह दी.
बावा को इस सीजन में भविष्य के खिलाड़ी के तौर पर देखा जा रहा था और अंतिम मुकाबलों में उन्हें ज्यादा मौके मिलने की उम्मीद थी. लेकिन उनकी चोट से टीम के ऑलराउंड विकल्प भी सीमित हो गए हैं.
और पढ़ें
- KKR vs MI Live Streaming: कोलकाता में ब्लड प्रेशर बढ़ाने वाला मुकाबला! कब कहां देखे केकेआर बनाम एमआई मैच का लाइव प्रसारण
- स्मृति मंधाना ने किया विपक्षियों को अलर्ट, T20 World Cup के लिए तैयार महिला टीम, अब दूसरी ICC ट्रॉफी आएगी घर!
- टीम से बाहर होंगे बुमराह-सिराज? अफगानिस्तान सीरीज में इन युवाओं को मिल सकता है मौका, वजह आई सामने