नई दिल्ली: IPL 2026 अब अपने विजेता की ओर अग्रसर है. लीग के समापन के तुरंत बाद ही भारतीय खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर देश का नेतृत्व करना है. भारतीय टीम अगले महीने अफगानिस्तान टीम की मेजबानी करेगी, जिसके लिए BCCI आज टीम की घोषणा करने वाली है. इस घरेलू सीरीज से पहले चयनकर्ताओं की नजर सिर्फ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नहीं, बल्कि उनकी फिटनेस और वर्कलोड मैनेजमेंट पर भी टिकी हुई है. खासकर तेज गेंदबाजों को लेकर टीम मैनेजमेंट काफी सतर्क दिखाई दे रहा है.
भारतीय चयन समिति की अहम बैठक मंगलवार को गुवाहाटी में होने वाली है, जिसमें अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए टीम चुनी जाएगी. लेकिन उससे पहले कुछ रिपोर्ट्स का कहना है कि गेंदबाजी की रीढ़ कहे जाने वाले गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज इस सीरीज से चूक सकते हैं.
IPL के लगातार मुकाबलों के बाद जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज जैसे प्रमुख गेंदबाजों के कार्यभार को लेकर चर्चा तेज हो गई है. चयनकर्ता इस बात पर विचार कर सकते हैं कि दोनों खिलाड़ियों को वनडे सीरीज से आराम दिया जाए या नहीं. टीम प्रबंधन इंग्लैंड दौरे को ध्यान में रखते हुए किसी भी खिलाड़ी पर अतिरिक्त दबाव नहीं डालना चाहेंगे.
सूत्रों के अनुसार, अभी तक किसी खिलाड़ी ने खुद आराम की मांग नहीं की है, लेकिन अंतिम फैसला खिलाड़ियों की फिटनेस रिपोर्ट देखने के बाद ही लिया जाएगा. चयनकर्ताओं की कोशिश होगी कि अहम खिलाड़ियों को लंबे सीजन के बाद पर्याप्त आराम और रिकवरी का समय मिल सके. ताकि आगे की राह आसान रहे.
अगर बोर्ड इन सीनियर तेज गेंदबाजों को आराम देती है, तो IPL में शानदार प्रदर्शन करने वाले कुछ युवा गेंदबाजों की किस्मत खुल सकती है. जिसमें लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और मोहसिन खान इसके प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं. रिपोर्ट्स का कहना है कि इन गेंदबाजों को अफगानिस्तान के खिलाफ मौका मिल सकता है.
इन दोनों की गेंदबाजों ने इस आईपीएल सीजन अपनी गेंदबाजी से चयनकर्ताओं को काफी प्रभावित किया है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के युवा तेज गेंदबाज औकिब नबी का नाम भी चर्चा में है. चयनकर्ता युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मौका देकर भविष्य की टीम तैयार करने की दिशा में भी काम कर रहे हैं.
इसके साथ ही लंबे इंतजार के बाद फैंस अपने चहेते खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली को नीली जर्सी में देख पाएंगे. वनडे सीरीज में अनुभवी बल्लेबाजों की वापसी लगभग तय मानी जा रही है. दोनों खिलाड़ी टीम के संतुलन और अनुभव के लिहाज से बेहद अहम माने जाते हैं.