PKL Season 12 schedule: प्रो कबड्डी लीग के शेड्यूल का ऐलान, इन शहरों में होंगे मैच

30 अगस्त को घरेलू टीम तेलुगू टाइटन्स एक बार फिर मैदान पर उतरेगी, इस बार शाम के पहले मैच में उसका मुकाबला यूपी योद्धा से होगा उसके बाद यू मुम्बा का मुकाबला गुजरात जायंट्स से होगा.

Social Media
Gyanendra Sharma

प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) अपने 12वें सीज़न के लिए वापसी कर रही है जिसकी शुरुआत 29 अगस्त से होगी. 12 टीमें विशाखापत्तनम, जयपुर, चेन्नई और दिल्ली जैसे शहरों में खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी. टूर्नामेंट की शुरुआत शुक्रवार को विशाखापत्तनम के राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में एक धमाकेदार सप्ताहांत के साथ होगी, जहां तेलुगु टाइटन्स का सामना तमिल थलाइवाज से होगा और दिन के दूसरे मुकाबले में बेंगलुरु बुल्स का मुकाबला पुनेरी पल्टन से होगा.

शनिवार, 30 अगस्त को घरेलू टीम तेलुगू टाइटन्स एक बार फिर मैदान पर उतरेगी, इस बार शाम के पहले मैच में उसका मुकाबला यूपी योद्धा से होगा, उसके बाद यू मुम्बा का मुकाबला गुजरात जायंट्स से होगा. इस बीच, सुपर संडे में तमिल थलाइवाज और यू मुंबा के बीच मुकाबला होगा, जबकि मौजूदा चैंपियन हरियाणा स्टीलर्स बंगाल वॉरियर्स के खिलाफ अपने खिताब की रक्षा के लिए मुकाबला खेलेगी. इसके साथ ही कबड्डी के पहले तीन दिनों के रोमांचक मुकाबले का समापन होगा.

विशाखापट्टनम में पीकेएल की वापसी इस तटीय शहर के लिए सात साल के अंतराल के बाद एक रोमांचक घर वापसी है. आंध्र प्रदेश के इस शहर ने आखिरी बार 2018 में छठे सीज़न के दौरान पीकेएल की रोमांचक गतिविधियों का आनंद लिया था. इस शहर ने सीज़न 1 और 3 में भी पीकेएल खेलों की मेजबानी की थी.

इसके बाद शुक्रवार, 12 सितंबर से जयपुर के इंडोर हॉल, एसएमएस स्टेडियम में मुकाबला होगा जिसमें दो बार की चैंपियन जयपुर पिंक पैंथर्स और बेंगलुरु बुल्स के बीच रोमांचक मुकाबला होगा, जिसके बाद तमिल थलाइवाज का मुकाबला बंगाल वॉरियर्स से होगा. तीसरा चरण 29 सितंबर को चेन्नई के एसडीएटी मल्टीपर्पस इंडोर स्टेडियम में शुरू होगा. यूपी योद्धा का सामना गुजरात जायंट्स से होगा जबकि दबंग दिल्ली केसी का सामना हरियाणा स्टीलर्स से होगा, जिसमें नवीन कुमार का सामना अपनी पूर्व टीम से होगा.

सीज़न 12 का लीग चरण 13 अक्टूबर से दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अपने चरम पर पहुंच जाएगा, जहां पटना पाइरेट्स का मुकाबला हरियाणा स्टीलर्स से होगा, जबकि यू मुंबा का सामना यूपी योद्धा से होगा. रोमांचक वापसी करते हुए, लीग राउंड का समापन ट्रिपल हेडर के साथ होगा, जिससे प्रशंसकों को प्रतियोगिता के प्लेऑफ़ चरण से पहले लगातार कबड्डी एक्शन देखने को मिलेगा.