PKL Auction 2024 Highlights: ऑक्शन में पहले दिन सबसे महंगे बिके ये 8 खिलाड़ी, कौन है नंबर 1
Pro Kabaddi League Auction 2024: प्रो कबड्डी लीग ऑक्शन 2024 जारी है. इस ऑक्शन में 12 टीमें 500 से ज्यादा खिलाड़ियों पर बोली लगा रही हैं. पहले दिन 8 खिलाड़ी करोड़पित बने. नंबर एक पर डिफेंडर सचिन हैं, जिन पर 2 करोड़ 15 लाख की बोली लगी. उन्हें तमिल थलाइवाज ने खरीदा है.
Most Expensive Players Of PKL Auction 2024: प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन के लिए मुंबई में 2 दिन का ऑक्शन जारी है. ऑक्शन के पहले दिन कई खिलाड़ियों पर पैसों की बारिश हुई. हालांकि कई बड़े नामों को उम्मीद के मुताबिक पैसे नहीं मिले. पहले दिन डिफेंडर सचिन सबसे महंगे बिके. ए कैटेगरी में शामिल डिफेंडर सचिन का बेस प्राइस 30 लाख रुपये था, उन्हें तमिल थलाइवाज ने 2 करोड़ 15 लाख में अपने साथ जोड़ा है. सचिन के लिए पहले यूपी योद्धा और गुजरात जायंट्स के बीच बिडिंग वॉर हुई, लेकिन आखिर में तमिल की टीम ने अपने पाले में शामिल करने में सफलता हासिल की.
PKL 2024 Auction में पहले दिन सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी
- सचिन- 2.15 करोड़
- मोहम्मदरेजा चियानेह शादलौई- 2.07 करोड़
- गुमान सिंह- 1.97 करोड़
- पवन सेहरावत- 1.725 करोड़
- भरत- 1.30 करोड़
- मनिंदर सिंह- 1.15 करोड़
- अजिंक्य पवार- 1.107 करोड़
- सुनील कुमार- 1.015 करोड़
88 खिलाड़ी हुए थे रिटेन, 500 खिलाड़ियों पर लग रही बोली
दरअसल, प्रो कबड्डी लीग (PKL) 2024 के ऑक्शन की मेजबानी मुंबई कर रहा है. 2 दिन तक ऑक्शन होना है. 16 अगस्त ऑक्शन का दूसरा दिन है. इस ऑक्शन के लिए कुल 500 प्लेयर्स पर बोली लगनी है. इससे पहले सभी टीमों ने तीन कैटेगरी में कुल 88 खिलाड़ियों को रिटेन किया था. एलीट रिटेन्ड प्लेयर्स (ERP) कैटेगरी में 22, रिटेन्ड यंग प्लेयर्स (RYP) श्रेणी में 26 और एक्साइटिंग न्यू यंग प्लेयर्स (ENYP) कैटेगरी में 40 प्लेयर रिटेन किए गए हैं.