'मुझे तेरी मां के हाथ का चूरमा खाना है', PM Modi ने गोल्डन बॉय पर लुटाया प्यार, संवाद सुन सबकी छूट गई हंसी
Paris Olympics 2024: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस ओलंपिक (Paris Olympics 2024) में खेलने जा रहे एथलीटों से बातचीत की. इस दौरान जब उन्होंने जेवलिन थ्रो चैंपियन नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) से बात करना शुरू किया तो वह पूरे मूड में दिखे. दोनों के बीच जो संवाद हुआ, उसे सुनकर सबकी हंसी छूट गई
Paris Olympics 2024: 26 जुलाई से पेरिस ओलंपिक का आगाज होने वाला है. जिसके लिए भारतीय दल पूरी तरह तैयार है. इस बड़े मिशन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय दल के खिलाड़ियों से बातचीत की और उनकी हौसला अफजाई की. इस दौरान पीएम मोदी ने विश्वास जताया और कहा 'मुझे पक्का विश्वास है कि इस बार भी खेल के मैदान में आप भारत का नाम रोशन करके आएंगे. इस बातचीत में देश के भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा वीडियो कॉल के जरिए जुड़े. पीएम मोदी ने नीरज से मजेदार अंदाज में संवाद शुरू किया.
वीडियो कॉल पर नीरज चोपड़ा ने कहा, 'नमस्ते सर, कैसे हो सर.' इस पर पीएम मोदी ने जवाब दिया- ठीक हूं भैया, वैसे ही हूं. इस संवाद को सुनकर सबकी हंसी छूट गई. इसी दौरान पीएम मोदी (PM Modi) ने नीरज चोपड़ा से चूरमा की बात छेड़ दी.
मुझे तेरी मां के हाथ का चूरमा खाना है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीरज चोपड़ा से कहा 'तेरा चूरमा तो आया ही नहीं', इस पर नीरज चोपड़ा ने शर्माते हुए कहा, जरूर लेकर आएंगे सर. पिछली बार दिल्ली में चीनी वाला चूरमा था. हरियाणा का चूरमा लेकर आपको खिलाऊंगा.' तभी पीएम मोदी कहते हैं कि 'मुझे तेरी मां के हाथ का चूरमा खाना है, इस पर नीरज ने वादा करते हुए कहा पक्का सर.'
इस बार भी आएगा मेडल
टोक्टो ओलंपिक में देश को गोल्ड मेडल दिलाने वाले नीरज चोपड़ा ने अपनी तैयारी पर कहा कि पिछले महीने उन्हें बैक इंजरी ने परेशान किया था, लेकिन अब वो पूरी तरह तैयार हैं. नीरज ने भरोसा दिलाया कि वो इस बार भी देश को गोल्ड जिताने के लिए पूरा दम लगा देंगे. नीरज ने बताया कि सर मैं जर्मनी में हूं, ट्रेनिंग बढ़िया चल रही है. इंजरी के बाद मैं काफी ठीक हूं. एक महीना है हमारे पास तैयारी के लिए. कोशिश है कि हम पूरी तरह तैयार होकर जाएं.
नीरज चोपड़ा ने दूसरे एथलीट्स को भी दिए टिप्स
नीर चोपड़ा ने कहा- ओलंपिक चार साल में आता है, इसलिए सभी को अपना बेस्ट देना होगा. अपने अंदर घुसकर उस चीज को निकालें, जिससे हम अपना बेस्ट दे सकते हैं. मन में डर नहीं होना चाहिए, निडर होकर खेलो. किसी को डरने-घबराने की जरूरत नहीं है. कई बार हमें लगता है कि दूसरे देशों के एथलीट हमसे ज्यादा ताकतवर हैं, लेकिन ऐसा नहीं है. विरोधी एथलीट भी इंसान हैं. इसलिए निडर होकर अपना 100 फीसदी दें.'
15 अगस्त को लाल किले पर आपका इंतजार करूंगा
पेरिस ओलंपिक के लिए जा रहे भारतीय दल से बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा 'इस बार भी हमने खिलाड़ियों की सुविधा के लिए कुछ नया करने का प्रयास किया है. हमने वहां भारतीय समुदाय को थोड़ा सक्रिय करने का प्रयास किया है ताकि वो हमारे खिलाड़ियों से और अधिक जुड़ सकें. मैं अपनी तरफ से आपको शुभकामनाएं देता हूं और मैं आप लोगों का इंतजार करूंगा, मैं कोशिश करूंगा कि 15 अगस्त को जब लाल किले पर कार्यक्रम हो तो आप लोग भी वहां मौजूद रहें.