PSL 2024: अब पाकिस्तान में धमाल मचाएंगे ऑस्ट्रेलिया के छक्के छुड़ाने वाले Shamar Joseph, इस टीम ने किया साइन

Shamar Joseph: पाकिस्तान की टी20 लीग का दूसरा सीजन 17 फरवरी से शुरू हो रहा है, जिसमें वेस्टइंडीज के युवा तेज गेंदबाज शमर जोसेफ भी धमाल मचाएंगे.

Bhoopendra Rai

Shamar Joseph: वेस्टइंडीज के युवा तेज गेंदबाज शमर जोसेफ इन दिनों चर्चा में हैं. उन्होंने हाल में गाबा में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और वेस्टइंडीज को 8 रनों से ऐतिहासिक जीत दिलाई. गाबा में विंडीज की जीत के हीरो रहे शमर अब पाकिस्तान सुपर लीग 2024 में धमाल मचाएंगे. पेशावर जाल्मी टीम ने इस खिलाड़ी को साइन कर लिया. इस टीम के कप्तान बाबर आजम हैं.  पीएसएल का दूसरा सीजन 17 फरवरी से शुरू हो रहा है, जो 18 मार्च तक चलेगा. 

गाबा में ऑस्ट्रेलिया को अकेले के दम पर हराया

दरअसल, 24 साल के शमर जोसेफ के दम पर वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया को 27 साल बाद उसी के घर में शिकस्त दी थी. गाबा में टेस्ट सीरीज का दूसरा डे-नाइट टेस्ट मुकाबला खेला गया था, जिसकी दूसरी पारी में शमर ने महज 12 ओवर की गेंदबाजी में 7 विकेट लेकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी.

चोटिल होने के बाद भी गेंदबाजी करने आए थे शमर जोसेफ

शमर जोसेफ बल्लेबाजी करते हुए दूसरे टेस्ट में चोटिल हो गए थे. सभी को लगा कि वह अब बॉलिंग करने नहीं आएंगे. लेकिन यह युवा गेंदबाज टूटे अंगूठे के बाद भी गेंदबाजी करता रहा और अपनी टीम को जीत दिलाकर ही मैदान से बाहर लौटा. शमर ने गाबा में अपनी गेंदबाजी से पूरे मैच को बदल कर रख दिया था. उन्होंने 7 विकेट लिए और 27 साल के बाद वेस्टइंडीज की टीम ऑस्ट्रेलियाई धरती पर टेस्ट मैच जीतने में सफल रही. 

दूसरे सीजन की चैंपियन हैं पेशावर जाल्मी

पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने वाली 6 टीमों में एक पेशावर जाल्मी है, जिसके मालिक जावेद अफरीदी है.2015 में शुरू हुए पाकिस्तान सुपर लीग में ये फ्रेंचाइजी पहले सीजन से खेल रही है, टीम ने दूसरा संस्करण (2017) का खिताब जीता था. बाबर आजम की कप्तानी वाली पेशावर जाल्मी ने 2019 और 2021 में फाइनल में जगह बनाई लेकिन खिताबी जंग हार गई थी.

पाकिस्तान सुपर लीग 2024 के लिए पेशावर जाल्मी की टीम

बाबर आजम, रोवमैन पॉवेल, नूर अहमद, सईम अयूब, टॉम कोहलर-कैडमोर, आसिफ अली, मोहम्मद हारिस, आमिर जमाल, नवीन उल हक, खुर्रम शहजाद, सलमान इरशाद, आरिफ याकूब, हसीबुल्लाह खान, उमैर अफरीदी, डैन मूसली, मोहम्मद जीशान , लुंगी एनगिडी, मेहरान मुमताज, सुफियान मोकिम, ल्यूक वुड, शमर जोसेफ.