'अब मेरा शरीर कमजोर हो गया है...' धोनी ने दिया दिल तोड़ने वाला बयान, संन्यास की अटकलें तेज
महेंद्र सिंह धोनी ने IPL 2026 में चोट के कारण बाहर होने के बाद अब अपने संन्यास के संकेत दिए हैं. कल धोनी ने कुछ ऐसा कह दिया जिसने फैंस को अंदर तक हिलाकर रख दिया है. अब धोनी के इन शब्दों से उनके संन्यास की अटकलें तेज हो गई हैं.
चेन्नई: बीती रात चेपॉक में सिर्फ एक हार की कहानी नहीं थी, बल्कि वह भावनाओं से भरा ऐसा पल था, जिसने करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों को भावुक कर दिया. IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के आखिरी घरेलू मैच के बाद जब महेंद्र सिंह धोनी टीम के साथ मैदान का चक्कर लगा रहे थे, तब उनके चेहरे की खामोशी बहुत कुछ बयां कर रही थी.
माही ने औपचारिक तौर पर संन्यास का ऐलान तो नहीं किया है लेकिन उनकी खामोशी और हालात इस ओर ही इशारा करते हैं. कल की इस खामोशी के दौरान ही धोनी ने कुछ ऐसा कह दिया जिसने फैंस को अंदर तक हिलाकर रख दिया है. अब धोनी के इन शब्दों से उनके संन्यास की अटकलें तेज हो गई हैं.
रैना ने धोनी से की वापसी की अपील
दरअसल मैच के बाद पूर्व क्रिकेटर और धोनी के करीबी दोस्त सुरेश रैना ने एक भावुक बातचीत का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि उन्होंने धोनी से मजाकिया अंदाज में कहा कि, 'आपने आईपीएल 2026 के लिए मिस्ड कॉल दी है. यह मान्य नहीं होगी. आपको अगले साल वापसी करनी होगी.'
रैना के अनुसार, उन्होंने धोनी से अगले साल वापसी करने की बात कही, लेकिन इसके जवाब में धोनी ने जो कहा वो सीएसके फैंस के लिए दिल तोड़ने वाला था. धोनी ने कहा, 'अब मेरा शरीर थोड़ा कमजोर हो गया है.'
लग रही संन्यास की अटकलें
धोनी की इस एक लाइन ने फैंस को बड़ा संकेत दिया. धोनी आमतौर पर अपने भविष्य को लेकर ज्यादा खुलकर बात नहीं करते, इसलिए उनका यह बयान काफी मायने रखता है. इस बयान के बाद से अब यह कयास लगाए जा रहे हैं कि धोनी शायद ही अगला आईपीएल सीजन. अब अगले सीजन से उनके पहले उनके संन्यास की खबरों ने तूल पकड़ लिया है.
बता दें पूरे सीजन पिंडली की चोट से जूझते रहे धोनी एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए. इसके बावजूद चेपॉक में मौजूद हजारों प्रशंसक सिर्फ उनकी एक झलक पाने के लिए स्टेडियम पहुंचे थे.
'देखते हैं' ने जगाई उम्मीद
हालांकि बातचीत के दौरान धोनी ने पूरी तरह वापसी से इनकार भी नहीं किया. रैना ने बताया कि जब उन्होंने फैंस की भावनाओं का जिक्र किया तो धोनी ने सिर्फ इतना कहा, 'देखते हैं.' इस छोटे से जवाब ने सीएसके समर्थकों के दिलों में उम्मीद की एक किरण जरूर जगा दी है.
खत्म हुई प्लेऑफ की उम्मीदें
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिली पांच विकेट की हार के बाद CSK की प्लेऑफ उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं हैं. अब टीम को अपना आखिरी मुकाबला 21 मई को अहमदाबाद में खेलना है. अगर टीम ये मैच जीत भी जाती है तो टीम का प्लेऑफ में पहुंचना बहुत मुश्किल होगा.