सड़क हादसे में घायल मुशीर खान मिस करेंगे ये टूर्नामेंट, कब तक होगी वापसी? जानिए सबकुछ

Musheer Khan: 19 साल के मुशीर को भविष्य का बड़ा भारतीय क्रिकेट स्टार माना जा रहा है और वह ऑलराउंडर के रूप में टीम इंडिया में फिट हो सकते हैं, लेकिन सड़क हादसे की खबर ने सभी को हैरान कर दिया है.

Twitter
Bhoopendra Rai

Musheer Khan Accident:  भारत के उभरते स्टार क्रिकेटर मुशीर खान एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए हैं. कार हादसे के दौरान उन्हें गर्दन में गंभीर चोट आई है. भारतीय क्रिकेट सरफराज खान के भाई मुशीर अपने पिता नौशाद खान के साथ आजमगढ़ से लखनऊ जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ है. एक्सीडेंट कैसे हुआ, इस बारे में अब तक ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन बताया जा रहा है कि उनकी कार ने 4-5 बार पलटी खाई है, लिहाजा मुशीर को गंभीर चोटें आई हैं.

मुशीर को इस हादसे के बाद रिकवरी करने में काफी समय लगने वाला है. बताया जा रहा है कि चोट की वजह से मुशीर कम से कम 6 हफ्ते तक क्रिकेट से दूर रह सकते हैं.  उनकी पूरी तरह से वापसी में 3 महीने भी लग सकते हैं. अब वो ईरानी ट्रॉफी नहीं खेल पाएंगे. सरफराज खान का परिवार उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से है, और उनका गांव बासूपार है.



दलीप ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन

मुशीर खान ने हाल ही खत्म हुई दलीप ट्रॉफी 2024 में अपना डेब्यू मैच खेला था, जिसमें बेहतरीन प्रदर्शन करके सुर्खियां बटोरी थीं. मुशीर इंडिया-बी की ओर से खेलते खेले थे, उन्होंने इंडिया ए के खिलाफ 181 रन की शानदार पारी खेली थी, जिसमें कुल 373 गेंदों में 16 चौके और 5 छक्के जमाए थे. यह किसी भी 20 साल से कम उम्र के खिलाड़ी का दलीप ट्रॉफी डेब्यू में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है, इस पारी के दम पर उन्होंने सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 1991 में अपने डेब्यू मैच में 159 रन बनाए थे.

अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी बेहतरीन प्रदर्शन

मुशीर खान टीम इंडिया के लिए अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 में जलवा बिखेर चुके हैं. उन्होंने 7 मैचों में 60 की औसत से 360 रन बनाए थे और साथ ही 7 विकेट भी लिए थे.  

घरेलू क्रिकेट करियर

मुशीर खान मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं. अब तक 9 फर्स्ट क्लास मैचों में 51.14 की औसत से 716 रन बनाए हैं, जिसमें 3 शतक और 1 अर्धशतक शामिल हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 203 रन रहा है. गेंदबाजी में भी उन्होंने 8 विकेट हासिल किए हैं.

भाई टीम इंडिया का हिस्सा

मुशीर के बड़े भाई सरफराज खान फिलहाल बांग्लादेश के खिलाफ कानपुर में जारी टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया का हिस्सा हैं, हालांकि उन्हें अभी तक प्लेइंग-11 में शामिल नहीं किया गया है.