'तू टेंशन न ले मैं देख लूंगा', मैदान में घुसने वाले फैन से माही ने क्यों कही ये बात, अब वायरल है फैन का जवाब
MS Dhoni: भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के फैन ने एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में बड़ा खुलासा किया है. फैन ने बताया कि जब वो सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान में धोनी भाई के पास पहुंचा तो उन्होंने मुझे गले लगा लिया.
MS Dhoni: आईपीएल 2024 समाप्त हो चुका है. कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2024 का खिताब अपने नाम किया. केकेआर ने 10 साल बाद आईपीएल का खिताब जीता. इससे पहले उसने 2012 और 2014 में ट्रॉफी जीती थी. आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन तो उम्दा था लेकिन वो प्ले ऑफ में नहीं पहुंच पाई. लेकिन कैप्टन कूल एम एस धोनी ने अपने खेल और व्यवहार से प्रशंसकों का दिल जरूर जीता है. इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है जब लीग मुकाबले में गुजरात टाइटन्स के साथ अहमदाबाद में सीएसके का मैच था तो एक फैन मैदान में घुसकर धोनी के पास आ गया था. उसने धोनी से कहा कि उसके नाक की सर्जरी होनी है तो माही ने पलटकर कहा था कि तू टेंशन न ले. तेरी सर्जरी का मैं देख लूंगा. उस फैन ने एक यूट्टयूब चैनल को इंटरव्यू दिया है जिसमें उसने इस बात का खुलासा किया है.
फैन का इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस फैन का नाम जय जानी है. उसने एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में बताया कि उसकी धोनी से करीब 21 सेकंड की बात हुई थी.
माही बोले- तेरी सर्जरी मैं देख लूंगा
फैन ने आगे बताया कि धोनी से जब उसने कहा कि उसके नाक की सर्जरी होनी तो माही ने कहा था कि तुझे कुछ नहीं होगा. तू घबरा मत. मैं सब देख लूंगा.
जय जानी ने आगे बताया - "जब मैं मैदान पर पहुंचे तो माही भाई दौड़ने लगे. मुझे लगा कि वो चलें जाएंगे. मुझसे नहीं मिलेंगे. इसके बाद मैंने हाथ उठाकर सरेंडर कर दिया. इसके बाद माही भाई बोले मैं मस्ती कर रहा हूं. मैं तो ये बात सुनकर पागल हो गाय. मैंने उनके पैर छुए. उन्होंने उठाया और गले लगा लिया."
उन्होंने आगे कहा- "फिर माही भाई ने मेरे कंधे पर हाथ रखा. मैं तो एकदम से पिघल गया. फिर उन्होंने कहा कि तेरी सांस क्यों फूल रही है. मैंने जवाब दिया कि मेरे नाक की सर्जरी होनी है तो उन्होंने कहा कि तू टेंशन न ले मैं तेरी नाक की दिक्कत को संभाल लूंगा.'
गार्ड से बोले इसे कुछ मत करना
उस वाकये का जिक्र करते हुए धोनी के फैन जय जानी ने कहा कि इसके बाद गार्ड आ गए. उन्होंने मुझे पकड़ लिया तो माही भाई ने बाउंसर से कहा कि इसे कुछ मत करना, इसकी सांस फूल रही है. इसे नाक की दिक्कत है.