IND vs AFG Day 2 Match: मोहम्मद सलीम ने भारत के खिलाफ खोला पंजा, मैदान पर बैठकर पढ़ी नमाज? रचा इतिहास

मोहम्मद सलीम ने इस मैच की पहली पारी में 5 विकेट हॉल लेकर इतिहास रच दिया. इस तरह वह भारत की धरती पर टेस्ट क्रिकेट में पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले अफगान गेंदबाज बन गए हैं.

X (@ACBofficials)
Meenu Singh

नई चंडीगढ़: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एक मात्र टेस्ट मैच में जहां भारतीय बल्लेबाजों ने रन बटोरे, वहीं अफगानिस्तान के युवा तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम सफी ने अपनी घातक गेंदबाजी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. भारतीय टीम के कई बल्लेबाजों ने शानदार पारियां खेलीं, लेकिन 23 वर्षीय सफी ने लगातार विकेट लेकर मेजबान टीम की रफ्तार पर ब्रेक लगाने का काम किया.

सलीम ने इस मैच की पहली पारी में 5 विकेट हॉल लेकर इतिहास रच दिया. इस तरह वह भारत की धरती पर टेस्ट क्रिकेट में पांच या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले अफगान गेंदबाज बन गए हैं. पांच विकेट हॉल लेते ही उन्होंने ग्राउंड पर माथा टेका और अपने खुदा को इसके लिए शुक्रिया अदा किया. 

दूसरी पारी में मचाया कहर

सफी ने दूसरे दिन भारतीय बल्लेबाजी क्रम को लगातार झटके दिए. उन्होंने मोहम्मद सिराज को बोल्ड कर अपना छठा विकेट हासिल किया और पहली बार टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा पूरा किया. उनकी सटीक लाइन और लेंथ ने भारतीय बल्लेबाजों को काफी परेशान किया. उन्होंने अपनी गेंदबाजी से भारतीय कप्तान शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, साईं सुदर्शन, ध्रुव जुरेल और  मानव सुथार की पारी पर विराम लगाया.  

ध्रुव जुरेल को किया क्लीन बोल्ड

सफी का सबसे शानदार विकेट ध्रुव जुरेल का रहा. सलीम ने जुरेल को 102वें ओवर की पांचवीं गेंद पर चलता किया. उनके द्वारा ऑफ स्टंप के बाहर डाली गई गेंद टप्पा खाने के बाद तेजी से अंदर आई और सीधे स्टंप्स से जा टकराई. जुरेल गेंद को छोड़ने की कोशिश में थे, लेकिन गेंद पूरी तरह से उन्हें चकमा देते हुए स्टंप्स में जा लगी.

फाइफर लेते ही किया सजदा

अपने टेस्ट करियर में पहली बार पांच विकेट लेने के बाद मोहम्मद सलीम सफी ने मैदान पर माथा टेककर शुक्रिया अदा किया. उनकी यह भावुक कर देने वाली प्रतिक्रिया कैमरों में कैद हो गई और अब यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.