मोहम्मद रिजवान को हाई कोर्ट से बड़ा झटका, NCCIA के नोटिस के खिलाफ याचिका हुई खारिज

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक पर कार्रवाई से पहले NCCIA की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है.

X
Ashutosh Rai

पाकिस्तान क्रिकेट में मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक से जुड़ा मामला अब जांच के अगले चरण में पहुंच गया है. NCCIA दोनों खिलाड़ियों के फोन की जांच कर रही है. वहीं लाहौर हाई कोर्ट ने रिज़वान की याचिका खारिज कर दी है. PCB अब रिपोर्ट आने के बाद आगे का फैसला करेगा.

रिजवान की याचिका हाई कोर्ट ने की खारिज

लाहौर हाई कोर्ट ने NCCIA की ओर से मोहम्मद रिज़वान को भेजे गए नोटिस के खिलाफ दायर याचिका खारिज कर दी. चीफ जस्टिस आलिया नीलम ने सुनवाई के दौरान रिजवान के वकील काज़ी उमैर अली की दलीलें सुनीं. वकील ने बताया कि लॉर्ड्स टेस्ट के बाद एक होटल में रिज़वान से बिना नोटिस पूछताछ की गई और उनका मोबाइल फोन भी ले लिया गया. उनके अनुसार, रिजवान ने यह सोचकर फोन दिया था कि तीन घंटे में वापस कर दिया जाएगा लेकिन अभी तक फोन नहीं मिला है. कोर्ट ने रिजवान को नोटिस का जवाब देने की सलाह दी.

NCCIA कर रही दोनों खिलाड़ियों के फोन की जांच

रिज़वान के वकील ने NCCIA के इस मामले में जांच करने के अधिकार पर भी सवाल उठाया. उनका कहना था कि क्रिकेट से जुड़े भ्रष्टाचार के मामलों को देखने के लिए ICC की एंटी-करप्शन यूनिट मौजूद है और यह मामला वहां नहीं भेजा गया. इस बीच, मामले से जुड़े एक सूत्र के अनुसार NCCIA रिजवान और इमाम-उल-हक से लिए गए मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच कर रही है. एजेंसी की रिपोर्ट अगले सप्ताह PCB को सौंपे जाने की उम्मीद है. जांच में फोन से जुड़े रिकॉर्ड और दूसरी जानकारी देखी जा रही है.


NCCIA रिपोर्ट के बाद PCB लेगा अगला फैसला

अब PCB की नजर NCCIA की रिपोर्ट पर है. बोर्ड दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ किसी तरह की अनुशासनात्मक कार्रवाई करने से पहले जांच के नतीजों को देखेगा. सूत्र के मुताबिक, अगर फोन की जांच में कोई असामान्य बात सामने नहीं आती है तो दोनों खिलाड़ियों को राहत मिल सकती है. फिलहाल PCB ने कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है. NCCIA की रिपोर्ट आने के बाद बोर्ड यह तय करेगा कि रिजवान और इमाम के मामले में आगे क्या कदम उठाया जाए.