गिल के साथ खेला, अब सलाखों के पीछे! 'MATCH FIXING' करते पकड़ा गया U-19 वर्ल्ड कप का हीरो

लंका प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत से पहले जाफना किंग्स के सह-मालिक और भारत के पूर्व अंडर-19 खिलाड़ी मनजोत कालरा को खिलाड़ी को रिश्वत देने की कोशिश के आरोप में श्रीलंका पुलिस ने गिरफ्तार किया.

X
Ashutosh Rai

लंका प्रीमियर लीग 2026 के पहले ही दिन बड़ा विवाद सामने आया है. जाफना किंग्स के सह-मालिक और भारत के पूर्व अंडर-19 क्रिकेटर मनजोत कालरा को श्रीलंका की खेल भ्रष्टाचार रोधी जांच इकाई ने गिरफ्तार किया है. उन पर एक खिलाड़ी को पैसे का लालच देकर प्रभावित करने का आरोप लगा है.

रिश्वत देने के आरोप में हुई गिरफ्तारी

श्रीलंका पुलिस के मुताबिक, 27 वर्षीय मनजोत कालरा को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया. आरोप है कि उन्होंने लंका प्रीमियर लीग के दौरान एक खिलाड़ी को पैसे का ऑफर देकर प्रभावित करने की कोशिश की. जांच एजेंसियों ने बताया कि संबंधित खिलाड़ी ने करीब दस दिन पहले इस मामले की जानकारी अधिकारियों को दी थी. शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू हुई और पर्याप्त सबूत मिलने पर कालरा को हिरासत में लिया गया. बाद में उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां मामले की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई.

शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

पुलिस ने बताया कि श्रीलंका के खिलाड़ी भानुका राजपक्षे, अविष्का फर्नांडो और दुनिथ वेलालागे ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी. ये तीनों खिलाड़ी जाफना किंग्स टीम का हिस्सा हैं. मनजोत कालरा ने इस साल की शुरुआत में जाफना किंग्स फ्रेंचाइजी में निवेश किया था और वह टीम के सह-मालिक बने थे. इससे पहले वह 2018 अंडर-19 विश्व कप फाइनल में भारत के लिए शतक लगाने के कारण चर्चा में आए थे. क्रिकेट छोड़ने के बाद उन्होंने खेल कारोबार की तरफ कदम बढ़ाया था लेकिन अब उन पर गंभीर आरोप लगने से उनका नाम फिर सुर्खियों में है.


LPL पर पहले भी लग चुके हैं आरोप

यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब एलपीएल 2026 का पहला मुकाबला खेला जा रहा था. पांच टीमों वाले इस टूर्नामेंट में कुल 24 मैच खेले जाने हैं और इसका फाइनल 8 अगस्त को होगा. पिछले कुछ वर्षों में लंका प्रीमियर लीग पर मैच फिक्सिंग और भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं. इसी साल एक अन्य फ्रेंचाइजी के मालिक को भी खिलाड़ी को सट्टेबाजी में शामिल करने की कोशिश के मामले में जेल की सजा सुनाई गई थी. हालांकि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने साफ किया है कि मौजूदा टूर्नामेंट तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा और सुरक्षा तथा निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है.