Argentina vs Jordan: मेसी ने रचा इतिहास, लगातार सात विश्व कप मैचों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने

लियोनेल मेस्सी विश्व कप में लगातार सात गोल करने वाले इतिहास के पहले खिलाड़ी बन गए हैं. 39 वर्षीय खिलाड़ी ने बेंच से मैदान पर आकर फ्री किक से गोल किया और अर्जेंटीना ने जॉर्डन के खिलाफ 3-1 से जीत हासिल की.

X (@CricCrazyJohns)
Meenu Singh

नई दिल्ली: लियोनेल मेसी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मंच पर उनसे बड़ा खिलाड़ी शायद ही कोई हो. फीफा विश्व कप 2026 में अर्जेंटीना के कप्तान ने जॉर्डन के खिलाफ बेंच से उतरते ही शानदार फ्री-किक गोल दागकर नया इतिहास रच दिया. इस गोल के साथ मेसी विश्व कप इतिहास में लगातार सात मैचों में गोल करने वाले पहले फुटबॉलर बन गए. उनकी शानदार फॉर्म की बदौलत अर्जेंटीना ने जॉर्डन को 3-1 से हराकर ग्रुप चरण का समापन जीत के साथ किया और नॉकआउट मुकाबलों से पहले अपने इरादे साफ कर दिए.

39 वर्षीय मेसी को इस मुकाबले में शुरुआती प्लेइंग में जगह नहीं दी गई थी. टीम प्रबंधन ने उन्हें दूसरे हाफ में मैदान पर उतारा, लेकिन उन्होंने आते ही अपने अनुभव और क्लास का परिचय दिया. एक शानदार फ्री-किक के जरिए उन्होंने विपक्षी गोलकीपर को पूरी तरह छका दिया. यह मौजूदा विश्व कप में उनका छठा गोल रहा, जिसके साथ वह गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे बने हुए हैं.

बेंच से उतरकर बदल दिया मैच

कोच की रणनीति के तहत मेसी को आराम दिया गया था, लेकिन दूसरे हाफ में मैदान पर उतरते ही उन्होंने खेल की दिशा बदल दी. उनकी मौजूदगी से अर्जेंटीना का आक्रमण और ज्यादा खतरनाक हो गया. फ्री-किक पर किया गया उनका सटीक गोल दर्शकों के लिए मैच का सबसे यादगार पल साबित हुआ.


इतिहास के पन्नों में दर्ज हुआ नाम

मेसी अब फीफा विश्व कप के इतिहास में लगातार सात मुकाबलों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. यह उपलब्धि उनके शानदार करियर में एक और बड़ा रिकॉर्ड जोड़ती है.

लगातार बड़े मैचों में गोल करने की उनकी क्षमता उन्हें विश्व फुटबॉल के सबसे महान खिलाड़ियों की सूची में और मजबूत स्थान दिलाती है. बता दें मौजूदा टूर्नामेंट में मेसी अब तक छह गोल कर चुके हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में दो गोल आगे चल रहे हैं.

 

सातवें आसमान पर अर्जेंटीना का आत्मविश्वास 

जॉर्डन पर 3-1 की जीत के साथ अर्जेंटीना ने ग्रुप चरण का अंत शानदार अंदाज में किया. टीम अब नॉकआउट दौर में पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरेगी. यदि मेसी इसी लय में खेलते रहे, तो अर्जेंटीना लगातार दूसरा विश्व कप खिताब जीतने की प्रबल दावेदार बन सकती है.