IPL 2026

मुंबई इंडियंस ने पहले मैच का 'मनहूस सिलसिला' तोड़ा, 2012 के बाद पहली बार जीता सीजन का पहला मैच

आईपीएल 2026 के दूसर मैच में रोहित-रिकेल्टन की तूफानी पारी ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हरा दिया.

X
Ashutosh Rai

आईपीएल 2026 के दूसरे ही दिन क्रिकेट फैंस को एक ब्लॉकबस्टर मुकाबला देखने को मिला है. मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग थ्रिलर में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से धूल चटा दी है. KKR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 221 रनों का विशाल पहाड़ जैसा लक्ष्य खड़ा किया था, लेकिन 'हिटमैन' रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन की आक्रामक ओपनिंग जोड़ी ने इस टारगेट को भी बौना साबित कर दिया.

वानखेड़े में आया तूफान

221 रनों के भारी-भरकम दबाव के बावजूद मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खूंखार रही. रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने आते ही KKR के गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई. दोनों ने महज 5वें ओवर में ही टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया. पावरप्ले खत्म होने तक मुंबई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 80 रन था.

23 गेंदों में अर्धशतक

रोहित ने सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. 12वें ओवर में आउट होने से पहले रोहित ने 38 गेंदों में 78 रनों की तूफानी पारी खेली. पहला विकेट गिरने तक मुंबई 148 रन बना चुकी थी. इसके बाद सूर्यकुमार यादव सस्ते में पवेलियन लौट गए. दूसरी छोर पर खड़े रिकेल्टन ने 16वें ओवर में आउट होने से पहले 43 गेंदों में 4 चौकों और 8 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 81 रन ठोके। अंत में मुंबई ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया.

रहाणे-रघुवंशी की फिफ्टी

इससे पहले, टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी KKR को कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन ने तूफानी शुरुआत दिलाई. एलन ने 17 गेंदों में 37 रन बनाए, लेकिन छठे ओवर में शार्दुल ठाकुर ने उन्हें आउट कर इस खतरनाक साझेदारी को तोड़ा. शार्दुल ने 9वें ओवर में कैमरून ग्रीन को भी चलता किया.

शार्दुल की जादुई गेंदबाजी

एक छोर संभाले कप्तान रहाणे ने सिर्फ 27 गेंदों में फिफ्टी जड़ी, लेकिन 14वें ओवर में शार्दुल ने उन्हें भी अपना शिकार बनाया. इसके बाद युवा अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला. रघुवंशी ने मात्र 28 गेंदों में फिफ्टी ठोकी और 29 गेंदों में 51 रन बनाकर हार्दिक पंड्या का शिकार बने. रिंकू सिंह ने 21 गेंदों में नाबाद 33 रन जड़े, जिससे KKR का स्कोर 220 तक पहुंच सका.

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन (Playing XI)

मुंबई इंडियंस (MI): रोहित शर्मा, रेयान रिकेल्टन, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, मयंक मार्कंडेय, एएम ग़ज़नफ़र, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह.

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR): फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजरबानी.