वेस्टइंडीज सीरीज से पहले टीम इंडिया में बड़ा बदलाव, केएल राहुल को मिल सकती है उपकप्तानी!
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से वनडे सीरीज शुरू होगी. श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में केएल राहुल को उपकप्तान बनाया जा सकता है. वहीं ऋतुराज गायकवाड़ की वापसी संभव है.
India ODI Squad : वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान जल्द हो सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, चयन समिति 16 सितंबर को दिल्ली में बैठक करेगी. एशियन गेम्स के कारण कुछ बड़े नाम उपलब्ध नहीं होंगे, जिससे टीम में बदलाव और नए खिलाड़ियों को मौका मिलने की संभावना है.
केएल राहुल बन सकते हैं नए उपकप्तान
शुभमन गिल की कप्तानी वाली वनडे टीम में नियमित उपकप्तान श्रेयस अय्यर इस बार उपलब्ध नहीं होंगे. वह एशियन गेम्स में भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी करेंगे. ऐसे में उनकी जगह केएल राहुल को उपकप्तान बनाए जाने की चर्चा है. राहुल का अनुभव, विकेटकीपिंग और दबाव में शांत रहने की क्षमता उन्हें इस जिम्मेदारी का मजबूत दावेदार बनाती है. उनकी मौजूदगी कप्तान गिल के लिए मैदान पर फैसले लेने में भी मददगार हो सकती है. इस बीच चयनकर्ताओं के सामने दूसरे विकेटकीपर का फैसला भी अहम होगा.
पंत और जुरेल में बैकअप विकेटकीपर की होड़
दूसरे विकेटकीपर के लिए ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल के बीच मुकाबला है. पंत ने 2024 के बाद कोई वनडे नहीं खेला है. वहीं जुरेल ने अभी इस फॉर्मेट में भारत के लिए डेब्यू नहीं किया है. टेस्ट और घरेलू क्रिकेट में जुरेल के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें मौका मिल सकता है. जो खिलाड़ी वनडे टीम में जगह नहीं बना पाएगा, उसे अगले महीने श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया टीम की कप्तानी मिल सकती है.
Also Read
- IND vs SL Live Score, Women's Asia Cup 2026 Final: भारत का तीसरा विकेट गिरा, स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा ने लगाई 50
- IND vs AFG: अफगानिस्तान के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी बाहर, जानें किस खिलाड़ी पर टीम मैनेजमेंट ने फिर जताया भरोसा
- India vs Afghanistan: मैच से पहले पहली बार बजा ‘वंदे मातरम्’, चार मिनट देर से शुरू हुआ मुकाबला
श्रेयस की जगह ऋतुराज की वापसी संभव
श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में मध्यक्रम के लिए ऋतुराज गायकवाड़ को मौका मिलने की उम्मीद है. चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान गायकवाड़ ने आखिरी बार दिसंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे खेला था. उस समय अय्यर के चोटिल होने पर उन्हें नंबर-4 पर बल्लेबाजी का मौका मिला था. गायकवाड़ ने इसका फायदा उठाते हुए शानदार शतक लगाया था. पीटीआई के मुताबिक, अजीत अगरकर की अध्यक्षता में 16 सितंबर को दिल्ली में होने वाली बैठक में वेस्टइंडीज सीरीज के लिए टीम पर अंतिम फैसला हो सकता है.