केन विलियमसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा अलविदा, अपनी कप्तानी में 2019 में रचा था इतिहास
न्यूज़ीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने तत्काल प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड की टीम ने 2019 विश्वकप में फाइनल तक का सफर तय किया था.
क्रिकेट के मैदान पर केन विलियमसन की बल्लेबाजी में जो ठहराव था, वही ठहराव उनकी विदाई में भी दिखा. इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज के बीच, बिना किसी शोर-शराबे के, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी. न कोई लंबा विदाई दौरा, न लंबा-चौड़ा प्रेस कॉन्फ्रेंस, बस एक शांत बयान और एक युग का अंत.
इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में मिली करारी शिकस्त के बाद विलियमसन के मन में चल रहा द्वंद्व थम गया. उन्होंने कहा- 'मैंने काफी समय से सोचा था, लेकिन पिछले कुछ दिनों में यह साफ हो गया कि अब सही वक्त आ गया है. मैंने हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ दिया और इससे कम के साथ जारी रखना उचित नहीं होता.'
न्यूजीलैंड के सबसे बड़े रन-मशीन की विदाई
विलियमसन ब्लैक कैप्स के इतिहास में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बनकर मैदान छोड़ रहे हैं. 2010 में पदार्पण से लेकर अब तक 378 मैचों में 19,346 रन, 48 शतक और छह दोहरे शतक, ये महज आंकड़े नहीं, बल्कि एक पूरी पीढ़ी के क्रिकेट प्रेम की दास्तान है. उनके जाने से 'फैब फोर' में पहली स्थायी दरार पड़ी है.
Also Read
कप्तान जो टीम को सपने दिखाना जानता था
एक खिलाड़ी के रूप में जितने महान, उतने ही शानदार कप्तान. विलियमसन की अगुवाई में न्यूज़ीलैंड ने दो ICC विश्व कप फाइनल और तीन सेमीफाइनल खेले. सबसे बड़ी उपलब्धि रही 2021 में भारत को हराकर पहली बार ICC विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीतना. यह वह दौर था जब छोटे देश की बड़ी टीम ने दुनिया को बताया कि क्रिकेट सिर्फ संसाधनों से नहीं, सोच से भी जीता जाता है.
LSG के साथ नई पारी, बोर्डरूम में नया विलियमसन
मैदान छोड़ने के बाद विलियमसन का क्रिकेट से नाता खत्म नहीं होगा. IPL 2026 से पहले वे लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के रणनीतिक सलाहकार बन चुके हैं. मालिक संजीव गोयनका के साथ उनकी नजदीकी पेशेवर समझ जगजाहिर है. सूत्रों के अनुसार यह संन्यास उन्हें LSG और SA20 की डरबन फ्रेंचाइजी में साल भर की बड़ी भूमिका के लिए तैयार करता है.
मैदान से बाहर, लेकिन खेल से नहीं
विलियमसन ने जाते-जाते कहा- 'इस टीम से मुझे बेहद प्यार है और इसका हिस्सा रहना मेरे लिए सौभाग्य की बात है.' दुनिया का यह सबसे शालीन बल्लेबाज अब ग्लोबल T20 लीग और बोर्डरूम में अपनी पहचान बनाएगा. मैदान पर उनकी जगह खाली रहेगी, लेकिन उनकी विरासत हर उस युवा बल्लेबाज में जीएगी जो शांत रहकर खेलना सीखेगा.