BRICS 2026

जो रूट ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड, 69वीं टेस्ट फिफ्टी के साथ रचा इतिहास

जो रूट ने पाकिस्तान के खिलाफ बर्मिंघम टेस्ट में नाबाद 62 रन बनाकर सचिन तेंदुलकर का टेस्ट में सबसे ज्यादा हाफ-सेंचुरी का रिकॉर्ड तोड़ दिया.

X
Ashutosh Rai

Joe Root Breaks Sachin’s Test Record : इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे टेस्ट में नाबाद 62 रन की पारी के साथ उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया. इंग्लैंड ने यह मुकाबला आठ विकेट से जीता और सीरीज 3-0 से अपने नाम की.

रूट ने सचिन को पीछे छोड़ा

बर्मिंघम टेस्ट में 35 वर्षीय रूट ने 69 गेंदों पर नाबाद 62 रन बनाए. यह उनके टेस्ट करियर का 69वां अर्धशतक रहा और इसी के साथ उन्होंने सचिन तेंदुलकर के 68 अर्धशतकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया. शिवनारायण चंद्रपॉल 66 अर्धशतकों के साथ तीसरे नंबर पर हैं. एलन बॉर्डर और राहुल द्रविड़ के नाम 63-63 अर्धशतक हैं. रूट ने पाकिस्तान के खिलाफ पांच पारियों में 164 रन बनाए और सीरीज में कोई शतक नहीं लगा सके. इसके बावजूद आखिरी पारी उनकी टीम के लिए बेहद अहम रही.

सचिन के एक और रिकॉर्ड पर रूट की नजर

रूट अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के सचिन के रिकॉर्ड के भी करीब पहुंच रहे हैं. सचिन ने 329 पारियों में 15,921 रन बनाकर करियर खत्म किया था. रूट 309 पारियों में 14,278 रन बना चुके हैं और उन्हें इस आंकड़े को पार करने के लिए 1,643 रन और चाहिए. इंग्लैंड के इस अनुभवी बल्लेबाज ने पिछले कुछ वर्षों में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है, हालांकि घरेलू सीजन में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के खिलाफ तीन-तीन टेस्ट में वह शतक नहीं लगा सके.


कप्तान के तौर पर रूट की शानदार वापसी

बेन स्टोक्स के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद रूट को फिर इंग्लैंड का टेस्ट कप्तान बनाया गया. उनके दूसरे कार्यकाल की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ 3-0 की जीत के साथ हुई. बर्मिंघम में जीत के बाद रूट ने पूरी सीरीज में टीम के प्रदर्शन को संतोषजनक बताया. अब उनकी नजर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस साल के अंत में होने वाली टेस्ट सीरीज पर होगी, जहां वह अपनी बल्लेबाजी में सुधार के साथ बड़ा स्कोर बनाने की कोशिश करेंगे.