जय शाह ने किया बड़ा ऐलान, अब IPL के हर मैच के लिए खिलाड़ियों को मिलेगा 7.5 लाख रुपये

IPL: आईपीएल में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए बड़ी खबर है. अब उन्हें हर मैच खेलने के लिए भी पैसे मिलेंगे. टीम के साथ अनुबंध राशि मिलने के साथ ही अब उन्हें हर मैच के लिए 7.5 लाख रुपये मैच फीस के रूप में मिलेंगे.

Social Media
India Daily Live

IPL: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव जय शाह ने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि इंडियन प्रीमियर लीग में खिलाड़ियों को प्रति मैच 7.5 लाख रुपये की मैच फीस मिलेगी. यह राशि खिलाड़ियों को टीम से मिलने वाली राशि के अलावा है. 

 एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष जय शाह होने के साथ-साथ ICC के निर्वोद अध्यक्ष भी चुने गए हैं. अगले कुछ महीनों में वह आईसीसी के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाल सकते हैं. आईपीएल में मैच फीस की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा  कि प्रत्येक फ्रैंचाइजी इस सीजन के लिए मैच फीस के रूप में 12.60 करोड़ रुपये आवंटित करेंगी.

जय शाह ने की घोषणा

जय शाह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- "IPL में निरंतरता और बेहतरीन प्रदर्शन का जश्न मनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, हम अपने क्रिकेटरों के लिए प्रति मैच 7.5 लाख रुपये की मैच फीस शुरू कर रहे हैं. एक सीजन में सभी लीग मैच खेलने वाले क्रिकेटर को अपनी अनुबंधित राशि के अलावा 1.05 करोड़ रुपये मिलेंगे."

उन्होंने आगे लिखा- "प्रत्येक फ्रैंचाइज सीजन के लिए मैच फीस के रूप में 12.60 करोड़ रुपये आवंटित करेगी! यह आईपीएल और हमारे खिलाड़ियों के लिए एक नया युग है."

मैच फीस लागू होने से इन खिलाड़ियों को एक मैच खेलने पर 7.9 लाख रुपये अतिरिक्त मिलेंगे, जिससे उनके लिए आईपीएल में खेलना अधिक रोमांचक हो जाएगा. अभी तक IPL में खिलाड़ियों को अनुबंधित राशि मिलती है जिस पर उन्हें नीलामी में या रिटेंशन के माध्यम से चुना गया.

अनकैप्ड खिलाड़ियों को मिलेगा फायदा

बीसीसीआई के इस कदम से अनकैप्ड खिलाड़ियों को फायदा होगा, जिन्हें कम पैसों पर फ्रेंचाइजी खरीदती हैं. यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब कई खिलाड़ी, खासकर विदेशी सितारे अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के कारण आईपीएल को बीच में ही छोड़ रहे हैं. इसके अलावा, इससे उन युवा खिलाड़ियों को भी मदद मिलेगी जिन्हें बेस प्राइस पर चुना जाता है. भले ही उन्हें 20 लाख रुपये की राशि में अनुबंधित किया गया हो, लेकिन अगर वे सभी मैच खेलने में सफल होते हैं तो उन्हें एक करोड़ से अधिक मिलेंगे.