अफगानिस्तान से भिड़ने से पहले Team India को मिली बड़ी राहत, बुमराह समेत इन 3 खिलाड़ियों की फिटनेस पर आया अपडेट

भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज से पहले जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी की फिटनेस को लेकर राहत की खबर है. वहीं हर्षित राणा की उपलब्धता पर अब भी संशय बना हुआ है.

X (@CricCrazyJohns)
Meenu Singh

भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर से शुरू होने वाली T20 सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए बड़ी खुशखबरी आ रही है. इस सीरीज से पहले बोर्ड और फैंस की निगाहें चार प्रमुख खिलाड़ियों की फिटनेस पर थी, जिनमें     जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा शामिल थे.

अब इन खिलाड़ियों को लेकर फिटनेस अपडेट सामने आ रहे हैं. फैंस के लिए सबसे बड़ी राहत की बात है कि उनके चहेते यॉर्कर किंग अब फिट बताए जा रहे हैं और आगामी सीरीज में हिस्सा लेंगे. हालांकि इनमें एक खिलाड़ी अभी भी ऐसा है जिसकी फिटनेस पर संशय बना हुआ है.

बुमराह समेत तीन खिलाड़ी हुए फिट

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इडियन टीम की बॉलिंग बैकबोन कहे जाने वाले विश्व स्तरीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह  ने मैच सिमुलेशन में हिस्सा लेकर अपनी फिटनेस साबित की है. अब वह अफगानिस्तान सीरीज के लिए पूरी तरह से फिट बताए जा रहे हैं. उनके साथ ही वॉशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी को भी फिट घोषित कर दिया गया है. ऐसे में तीनों खिलाड़ी अफगानिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतर सकते हैं. बुमराह की फिटनेस भारतीय टीम के लिए खास तौर पर अहम है, क्योंकि तेज गेंदबाजी में उनका अनुभव टीम को मजबूती देता है.


हर्षित राणा की फिटनेस बनी चिंता का कारण

युवा गेंदबाज हर्षित राणा अभी भी पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं. इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में उनके दाएं पैर की मांसपेशियों में चोट लगी थी. जांच में ग्रेड-1 इंजरी सामने आई थी. इसके बाद उन्हें बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भेजा गया. अब तक मैच सिमुलेशन में हिस्सा नहीं लेने के कारण उनके सीरीज से बाहर होने की संभावना जताई जा रही है.

प्रिंस यादव को मिल सकता है मौका

अगर हर्षित राणा इस सीरीज में उपलब्ध नहीं होते हैं तो BCCI उनकी जगह युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को टीम में शामिल कर सकती है. राणा की चोट के बाद पहले भी टीम में बदलाव किया गया था और वरुण चक्रवर्ती को शामिल किया गया था. अब अफगानिस्तान सीरीज से पहले एक और बदलाव की स्थिति बन सकती है. हालांकि प्रिंस के चयन को लेकर अंतिम फैसला अभी सामने आना बाकी है.

13 सितंबर से दिल्ली में होगी सीरीज

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की T20 सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को होगा. दूसरा मैच 15 सितंबर और तीसरा मुकाबला 17 सितंबर को खेला जाएगा. सीरीज के सभी मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होंगे. तीनों मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होंगे. ऐसे में बुमराह की फिटनेस के बाद अब फैंस की नजर उनके मैदान पर उतरने पर रहेगी.