Asian Games 2026

IND VS SL: श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, घुटने की चोट से जसप्रीत बुमराह बाहर

जसप्रीत बुमराह घुटने की चोट से पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं. इसके चलते श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं.

X
Ashutosh Rai

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट से पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं और अब वह दोनों टेस्ट मैचों में नहीं खेलेंगे. मेडिकल टीम ने उनकी रिकवरी को देखते हुए यह फैसला लिया है ताकि चोट और गंभीर न हो.

घुटने की चोट बनी बाहर होने की वजह

भारत के प्रमुख तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह श्रीलंका दौरे के लिए शुरुआती टीम में शामिल किए गए थे लेकिन उनकी उपलब्धता फिटनेस टेस्ट पर निर्भर थी. बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उन्होंने कई दिनों तक रिहैबिलिटेशन किया और फिटनेस हासिल करने की कोशिश की. शुरुआत में उम्मीद थी कि वह समय पर वापसी कर लेंगे लेकिन उनके बाएं घुटने में दर्द और सूजन पूरी तरह खत्म नहीं हुई. मेडिकल टीम ने जोखिम लेने के बजाय उन्हें आराम देने का फैसला किया ताकि आने वाले बड़े मुकाबलों के लिए वह पूरी तरह फिट हो सकें.

भारत की तैयारियों पर बढ़ा दबाव

बुमराह की गैरमौजूदगी भारत के लिए बड़ी चिंता है क्योंकि श्रीलंका के खिलाफ यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है. शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है और हर जीत उसके लिए महत्वपूर्ण होगी. ऐसे समय में टीम के सबसे अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ का बाहर होना गेंदबाजी आक्रमण को कमजोर करता है. टीम मैनेजमेंट को अब नए संयोजन के साथ मैदान पर उतरना होगा और बाकी गेंदबाज़ों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी.


चोटिल खिलाड़ियों की लंबी होती सूची

भारतीय टीम पहले से ही कई खिलाड़ियों की चोट से परेशान है. तेज गेंदबाज हर्षित राणा हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण बाहर हैं. वहीं नितिश कुमार रेड्डी अभी क्वाड्रिसेप्स की समस्या से उबर रहे हैं. वॉशिंगटन सुंदर भी पहले टेस्ट में उपलब्ध नहीं होंगे. इसके अलावा आकाश दीप भी पीठ की चोट के कारण टीम से बाहर हैं. इन हालात को देखते हुए चयनकर्ताओं ने आफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को टीम में शामिल किया है. लगातार बढ़ती चोटों ने टीम मैनेजमेंट की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और अब भारत को सीमित विकल्पों के साथ श्रीलंका दौरे की शुरुआत करनी होगी.